#अपराध

September 15, 2026

हिमाचल में लाखों के चिट्टा बरामद, दो पंजाबी युवकों सहित 4 धरे, 18 और 20 साल के हैं दो आरोपी

वोल्वो बस और टैक्सी में ले जा रहे थे चिट्टे की खेप

शेयर करें:

chitta News

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार थमता नजर नहीं आ रहा है। पुलिस लगातार नशा तस्करों को सलाखों के पीछे पहुंचा रही है, लेकिन इसके बावजूद चिट्टे की तस्करी के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। अब बिलासपुर जिले में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में करीब 53 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। बरामद नशे की कीमत लाखों रुपये में बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनमें पंजाब के अमृतसर निवासी महज 18 और 20 वर्ष के दो युवक भी शामिल हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में थाना झंडूता में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

फोरलेन बना नशा तस्करों की धरपकड़ का मैदान

बिलासपुर पुलिस की विशेष जांच टीम ने यह कार्रवाई कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन पर दो अलग-अलग स्थानों पर की। पुलिस की पहली कार्रवाई धराड़सानी के पास हुई, जहां टीम ने एक वोल्वो बस को नियमित चैकिंग के लिए रोका। तलाशी के दौरान बस में सवार दो युवकों के कब्जे से करीब 45 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इतनी बड़ी मात्रा में नशीला पदार्थ मिलने के बाद पुलिस ने दोनों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दुनिया के सबसे घातक ईरानी कोबरा की एंट्री, 2 लोगों की मौ**त; देश भर में पहला मामला

अमृतसर के 18 और 20 साल के युवक गिरफ्तार

पहले मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फ्रैंकलिन (20) पुत्र राज कुमार, निवासी इंदिरा कॉलोनी, थाना मजीठा रोड, अमृतसर और स्टीफन (18) पुत्र मानु, निवासी गोल्डन एवेन्यू, थाना मजीठा रोड, अमृतसर के रूप में हुई है। दोनों की कम उम्र ने पुलिस को भी चौंकाया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी कम उम्र में दोनों नशे के इस नेटवर्क से कैसे जुड़े और उनके पीछे कौन लोग काम कर रहे हैं।

टैक्सी की तलाशी में भी मिला चिट्टा

नशे के खिलाफ दूसरी कार्रवाई फोरलेन पर छत्त के समीप हुई। यहां पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर एक टैक्सी नंबर एचपी 01एम-6414 को जांच के लिए रोका। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस को करीब 8 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद टैक्सी सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया।

 

यह भी पढ़ें : टांडा अस्पताल की चौथी मंजिल से कूदी युवती, मौके पर ही तोड़ा दम- इलाज के लिए हुई थी भर्ती

मंडी के रहने वाले हैं आरोपी

दूसरे मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नरेंद्र कुमार (29) पुत्र स्वर्गीय विनिया राम, निवासी चौक, तहसील बलद्वाड़ा, जिला मंडी और गुलशन (24) पुत्र लालमन, निवासी पिपली, डाकघर टरोह, तहसील बल्ह, जिला मंडी के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ भी थाना झंडूता में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब बरामद चिट्टे के स्रोत और इसकी संभावित सप्लाई के रास्ते की जांच कर रही है।

सिर्फ गिरफ्तारी नहीं, सप्लायर तक पहुंचेगी पुलिस

बिलासपुर के एसपी अभिषेक धीमान ने दोनों मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस जांच का दायरा केवल चिट्टा बरामद करने और आरोपियों को गिरफ्तार करने तक सीमित नहीं रहेगा। टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को नशीली खेप कहां से मिली और इसे हिमाचल तक पहुंचाने के पीछे कौन लोग सक्रिय हैं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : गाड़ी लेकर निकले पिता-पुत्री हुए गायब, लावारिस हाल में मिली पिकअप; टूटे शीशों ने बढ़ाई चिंता

बैकवर्ड लिंक खंगालने में जुटी जांच टीम

पुलिस अब आरोपियों के बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है। पूछताछ के जरिए उन लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है, जिन्होंने चिट्टे की सप्लाई की या इस नेटवर्क को संचालित किया। पुलिस का फोकस मुख्य सप्लायरों और पूरे ड्रग नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने पर है। यदि जांच में बड़े तस्करों के नाम सामने आते हैं तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : जेल से छूटते ही अस्पताल पहुंचा शातिर, साथी संग किया बड़ा कांड- मरीजों में हड़कंप

लगातार कार्रवाई के बावजूद नहीं थम रही तस्करी

हिमाचल में चिट्टे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। आए दिन तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा रहा है और नशीले पदार्थों की खेप पकड़ी जा रही है। इसके बावजूद तस्करी के नए मामले सामने आना चिंता का विषय है। बिलासपुर की ताजा कार्रवाई ने एक बार फिर संकेत दिया है कि नशा तस्करों ने युवाओं को इस अवैध कारोबार की कड़ी में शामिल करना शुरू कर दिया है। खासकर 18 और 20 साल के युवकों की गिरफ्तारी इस पूरे मामले को और गंभीर बना रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख