हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में एचआरटीसी की एक बस में निरीक्षण के दौरान बड़ा मामला सामने आया है। चंडीगढ़ से हमीरपुर की ओर आ रही ऊना डिपो की एसी बस में नौ यात्रियों को किराया वसूलने के बावजूद टिकट जारी नहीं किए गए थे। मामले का खुलासा निगम अधिकारियों की औचक जांच के दौरान हुआ, जिसके बाद संबंधित परिचालक के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों ने मौके पर ही तैयार की पूरी रिपोर्ट
जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात हमीरपुर मंडल के अधिकारियों ने डिडवीं टिक्कर क्षेत्र के पास बस की नियमित जांच की। निरीक्षण के समय बस में कुल 18 यात्री सफर कर रहे थे। जब यात्रियों के टिकटों की जांच की गई तो आधे यात्रियों के पास कोई वैध टिकट नहीं मिला। पूछताछ में सामने आया कि सभी यात्रियों ने यात्रा का किराया अदा किया था, लेकिन उन्हें टिकट जारी नहीं किए गए थे।
यह भी पढ़ें : मिसेज CM नहीं करा पाईं सहमित, देहरा में अध्यक्ष पद पर बहुमत के बाद भी बुरी फंसी कांग्रेस
जांच में पाया गया कि जिन नौ यात्रियों के टिकट नहीं बनाए गए, उनसे वसूली गई कुल किराया राशि लगभग 1,971 रुपये थी। सभी यात्री ऊना से हमीरपुर की ओर यात्रा कर रहे थे। इस अनियमितता को गंभीर वित्तीय लापरवाही मानते हुए अधिकारियों ने मौके पर ही पूरी रिपोर्ट तैयार की।
परिचालक हंसराज को ड्यूटी से हटाया
मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई और अगले ही दिन संबंधित परिचालक हंसराज को ड्यूटी से हटा दिया गया। निगम प्रबंधन ने विभागीय जांच शुरू कर दी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह लापरवाही थी या फिर जानबूझकर नियमों का उल्लंघन किया गया।
यह भी पढ़ें- 'हिमाचल पुलिस भर्ती में मास चीटिंग': जयराम ठाकुर ने लगाए गंभीर आरोप, छात्रों ने खोला राज
एचआरटीसी अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखना प्राथमिकता है और राजस्व से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
निगम के भीतर बढ़ा दी सतर्कता
इस घटना के सामने आने के बाद निगम के भीतर भी सतर्कता बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी इसी तरह औचक निरीक्षण जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों को बेहतर सेवाएं मिल सकें और राजस्व हानि को रोका जा सके।
