बिलासपुर। आमतौर पर लोग अपने कीमती सामान, खासकर सोने के गहनों को सुरक्षित रखने के लिए बैंक लॉकर पर भरोसा करते हैं। लेकिन जब वही भरोसा टूट जाए, तो मामला गंभीर हो जाता है। ऐसा ही एक चौंकाने वाला मामला बिलासपुर से सामने आया है, जहां एक महिला के बैंक लॉकर से करीब 400 ग्राम सोने के गहने गायब होने की शिकायत सामने आई है।

तीन साल बाद विदेश से लौटी तो हुआ खुलासा

जानकारी के मुताबिक, यह महिला पिछले कई सालों से इंग्लैंड में रह रही थी। करीब तीन साल बाद जब वह अपने घर बिलासपुर लौटी, तो उसने बैंक जाकर अपना लॉकर चेक करने का फैसला किया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: दोस्तों ने की युवक की ह*त्या, गड्ढा कर दफना दिया था शरीर- पुलिस ने धर दबोचा मुख्य आरोपी

जैसे ही महिला ने लॉकर खोला, वह पूरी तरह खाली था। अंदर कोई भी गहना या सामान नहीं था। यह देखकर महिला के होश उड़ गए और वह हैरान रह गई कि आखिर इतने कीमती गहने कहां चले गए।

पिता के नाम पर था लॉकर, वही करते थे इस्तेमाल

बताया जा रहा है कि यह लॉकर महिला के पिता के नाम पर था, जो पहले इसका इस्तेमाल करते थे। महिला के पिता का करीब तीन साल पहले निधन हो गया था। उनके निधन के बाद यह पहली बार था जब महिला खुद बैंक जाकर लॉकर खोलने पहुंची थी। उसे पूरा भरोसा था कि उसके गहने सुरक्षित होंगे, लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: मेजर की पत्नी ने घर में डाला कलेश, झेलनी पड़ी मानसिक परेशानी- कोर्ट से मिला तलाक

बैंक ने पहले जिम्मेदारी से किया किनारा

महिला का कहना है कि लॉकर में करीब 400 ग्राम सोने के गहने रखे हुए थे, जिनकी कीमत लाखों रुपये में है। गहनों के गायब होने से उसे भारी नुकसान हुआ है। जब महिला ने इस मामले की शिकायत बैंक प्रबंधन से की, तो शुरुआत में बैंक ने खुद को इस मामले से अलग कर लिया।

बैंक मैनेजर का बयान

बैंक अधिकारियों का कहना था कि इस मामले में उनकी कोई जिम्मेदारी नहीं बनती। इस जवाब से महिला और ज्यादा परेशान हो गई और उसने इस पर कड़ा विरोध जताया।महिला के लगातार विरोध और दबाव के बाद अब बैंक प्रबंधन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। बैंक अब यह पता लगाने की कोशिश कर रहा है कि आखिर लॉकर से गहने कैसे गायब हुए। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: सरकारी कर्मी के पास मिला चिट्टा, पहले फंडिंग करने में आया था नाम- फिर भी मिली जमानत

बैंक के मुख्य प्रबंधक राहुल कुमार ने बताया कि संबंधित लॉकर पहले महिला के पिता इस्तेमाल करते थे। महिला पहली बार इसे खोलने आई थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें