ऊना। हिमाचल प्रदेश के जिला ऊना से मानवता को शर्मसार करने वाला एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जहां एक बुजुर्ग महिला के साथ एक शख्स ने अपनी कार के अन्दर अश्लील हरकतें कर डाली। जिसके बाद पीड़ित बुजुर्ग महिला ने अपनी शिकायत महिला थाना में दर्ज करवाई।
बेटी के पास रहने आई थी महिला
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 67 वर्षीय पीड़िता महिला मूल रूप से पंजाब की निवासी है और पिछले छह महीने से ऊना ज़िले में अपनी बेटी के पास रह रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट की सुक्खू सरकार को फटकार, 5 लाख रुपए लगाया जुर्माना; यहां जानें कारण
हाल ही में वह ऊना के एक गांव में स्थित वृद्धाश्रम में रहने चली गई थी, जहां उसकी मुलाकात एक 52 वर्षीय व्यक्ति से हुई। यह व्यक्ति उसे कई बार अपनी गाड़ी में आश्रम ले जाता और शाम को वापस उसकी बेटी के घर छोड़ देता था।
मंदिर के बहाने रास्ता बदला
महिला ने पुलिस को बताया कि लगभग दो सप्ताह पूर्व आरोपी रोज़ की तरह उसे गाड़ी में लेकर निकला, लेकिन इस बार वह उसकी बेटी के घर न ले जाकर उसे हमीरपुर रोड पर एक प्रसिद्ध मंदिर में माथा टेकने के बहाने ले गया। महिला के अनुसार, मंदिर से लौटते समय आरोपी ने सुनसान स्थान पर गाड़ी रोक दी और उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा।
विरोध करने पर घबराया शख्स
पीड़िता का आरोप है कि जब उसने विरोध किया तो आरोपी ने स्थिति को और गंभीर बना दिया। उसने गाड़ी में अपने और महिला के कपड़े उतारने की कोशिश की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस भर्ती परीक्षा पर उठे सवाल, अभ्यर्थियों ने लगाए केंद्रों मे नकल करवाने के आरोप; मांगी जांच
महिला के शोर मचाने पर आरोपी घबरा गया और जल्दबाज़ी में उसे उसकी बेटी के घर छोड़कर वहां से फरार हो गया। इस घटना से आहत महिला ने साहस जुटाकर ऊना पुलिस से संपर्क किया और पूरा मामला बयान किया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र शर्मा ने पुष्टि की है कि महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेजी से की जा रही है। पुलिस अब आरोपी की पृष्ठभूमि और अन्य संभावित मामलों की भी जांच कर रही है। वृद्धाश्रम की भूमिका और आरोपी की वहां तक पहुंच, साथ ही उसके पहले के आचरण को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
