सोलन। देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल प्रदेश में अब सरेआम गुंडागर्दी के मामले सामने आने लगे हैं, जिससे आम लोगों में डर का माहौल बन रहा है। ताजा मामला जिला सोलन से सामने आया है, जहां दिनदहाड़े दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई और कुछ युवक इस झगड़े का शिकार बन गए।

एग्जाम देने गए युवक से शुरू हुआ पूरा विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला सोलन के  धोबीघाट क्षेत्र का है। यहां पर बीते कल शनिवार को दो गुटों में झगड़ा हो गया। प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार के अनुसार, इस पूरे मामले की शुरुआत उस समय हुई जब उसका रिश्तेदार अभिषेक गर्ल्स स्कूल सोलन में परीक्षा देने गया था। वहां कुछ अज्ञात युवक पहले से मौजूद थे, जिन्होंने अभिषेक को घेर लिया और उससे बहस शुरू कर दी। धीरे-धीरे बहस बढ़ती गई और मामला बिगड़ने तक पहुंच गया। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के उद्योगों को बड़ी राहत, अब नहीं होगी गैस सिलेंडर की किल्लत- सरकार ने बढ़ाया कोटा

फोन कर बुलाए साथी, मौके से निकाला बाहर

स्थिति बिगड़ती देख अभिषेक ने तुरंत अपने रिश्तेदार अजय को फोन किया। अजय बिना देरी किए अपने कुछ साथियों के साथ मौके पर पहुंचा और किसी तरह अभिषेक को वहां से छुड़ाया। उन्हें लगा कि मामला वहीं खत्म हो गया, लेकिन आगे जो हुआ, उसने सबको चौंका दिया।

धोबीघाट पहुंचते ही घेर लिया, अचानक हुआ हमला

जब सभी युवक धोबीघाट की तरफ जा रहे थे, तभी अचानक 15 से 20 युवक वहां आ पहुंचे। उनके हाथों में लाठी-डंडे और तेजधार हथियार थे। इन युवकों ने आते ही बिना किसी चेतावनी के हमला शुरू कर दिया। हमलावरों ने तीनों युवकों को घेर लिया और जमकर मारपीट की।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फैक्ट्री से आई जोरदार आवाज, छत तोड़ बाहर निकल चुका था बॉयलर- कई कर्मी घा*यल

लाठी-डंडों और हथियारों से किया हमला

हमलावर इतने आक्रामक थे कि उन्होंने लाठी-डंडों के साथ-साथ धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया। इस हमले में तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोग भी इस अचानक हुई घटना से घबरा गए और कोई तुरंत बीच-बचाव नहीं कर पाया।

घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद किसी तरह घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया गया। अस्पताल से ही पुलिस चौकी को इसकी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत अस्पताल पहुंची और मामले का जायजा लिया। 

 

यह भी पढ़ें : HPU में महंगी हुई पढ़ाई, 12 साल बाद बढ़ा फीस का बोझ- बिगड़ेगा छात्रों का बजट!

घायलों की पहचान

हर्ष, ललित किशोर उम्र 23 साल और ललित उम्र 26 साल के रूप में की है। तीनों का अस्पताल में मेडिकल परीक्षण किया गया। इनमें से ललित की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए IGMC शिमला रेफर कर दिया।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

पुलिस ने इस मामले में अज्ञात हमलावरों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने के लिए जांच जारी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें