सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की रेणुका विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली खालाक्यार पंचायत में नामांकन वापसी के दौरान शुक्रवार को एक अनोखा और विवादित मामला सामने आया। उपप्रधान पद के एक उम्मीदवार ने पहले अपना नामांकन वापस लेने की प्रक्रिया पूरी की, लेकिन कुछ देर बाद वह सहायक निर्वाचन अधिकारी यानी एआरओ से संबंधित दस्तावेज छीनकर मौके से फरार हो गया।
एआरओ देर रात पहुंचे पुलिस थाना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामले की सूचना तुरंत निर्वाचन अधिकारी एवं बीडीओ ददाहू को दी गई। अधिकारियों के निर्देश पर एआरओ देर रात रेणुका थाना पहुंचे और संबंधित उम्मीदवार के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई। घटना के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया।
यह भी पढ़ें : एक-दो नहीं... युवक ने दोस्त पर चा**कू से कर दिए कई वा*र, दृश्य देख लोगों की निकली चीखें
बताया जा रहा है कि पंचायत में उपप्रधान पद के लिए कुल चार प्रत्याशियों ने नामांकन दाखिल किया था। शुक्रवार को तीन उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए थे। इसी दौरान जब एक प्रत्याशी को मैदान में अकेला बचा देखा गया, तो नामांकन वापसी कर चुके उम्मीदवारों में से एक ने अचानक अपना निर्णय बदल दिया।
पूरे घटनाक्रम की जुटाई जा रही है जानकारी
आरोप है कि उसने एआरओ से नामांकन वापसी से जुड़ा प्रपत्र छीना और वहां से भाग निकला। इस घटना के कारण पंचायत में नामांकन वापसी की पूरी प्रक्रिया कुछ समय के लिए रोकनी पड़ी। इसका असर ब्लॉक स्तर पर प्रत्याशियों के अंतिम आंकड़ों की घोषणा पर भी पड़ा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस पर बरसे अनुराग ठाकुर, बोले- 'ये सिर्फ यारां दीं सरकार' भ्रष्टाचार में डूबे हैं इनके नेता
उधर, निर्वाचन अधिकारी एवं बीडीओ ददाहू दर्शन लाल पुंडीर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संबंधित अधिकारी को पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं और विभागीय स्तर पर भी पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
