जीरकपुर/शिमला। पंजाब में मोहाली के जीरकपुर क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां के रंजन प्लाजा स्थित 'सिटी पैलेस' होटल में सोमवार रात एक युवक का शव फंदे से लटका हुआ मिला। मृतक की पहचान हिमाचल प्रदेश के शिमला (ठियोग) निवासी अभिषेक चौहान के रूप में हुई है। इस घटना ने जहां इलाके में हड़कंप मचा दिया है, वहीं होटल प्रबंधन की भूमिका पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

दो दिन पहले होटल आया था युवक

मिली जानकारी के अनुसार अभिषेक दो दिन पहले ही इस होटल में रहने के लिए आया था। सोमवार रात करीब 9 बजे जब होटल स्टाफ किसी काम से उसके कमरे की ओर गया, तो अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। अभिषेक का शव पंखे से लटका हुआ था। होटल प्रबंधन ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में नकली नोटों की एंट्री, ठग ने सब्जीवाले को लगाया ₹500 का चूना

मौके पर नहीं मिला कोई सुसाइड नोट

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक कमरे की तलाशी के दौरान कोई भी सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है जिससे मौत की वजह अभी तक साफ नहीं हो पाई है। फिलहाल शव को डेराबस्सी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है और अभिषेक के परिजनों को सूचित करने का प्रयास किया जा रहा है।

बड़ा सवाल: सील होने वाले होटल में एंट्री कैसे ?

इस पूरे मामले में सबसे चौंकाने वाली बात होटल का संचालन है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने 2 मार्च को ही इस होटल के खिलाफ कार्रवाई करते हुए इसे सील करने के आदेश दिए थे। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि:

  • अगर होटल सील होना था, तो वो दोबारा कैसे खुला ?
  • प्रशासन की नाक के नीचे होटल में बुकिंग कैसे की जा रही थी ?
  • क्या नियमों की अनदेखी ने इस हादसे को न्योता दिया ?

यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! अगले पांच दिन खराब रहेगा मौसम, भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट जारी

पुलिस और प्रशासन का पक्ष

इस गंभीर चूक पर जब ASP से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें होटल के खुले होने की जानकारी नहीं है। वहीं, स्थानीय SHO का कहना है कि होटल को सील करने की कानूनी प्रक्रिया अभी चल रही है। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की तफ्तीश कर रही है कि ये आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और गहरी साजिश।