शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक तरफ पुलिस नशे के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है, तो वहीं दूसरी ओर इस अवैध धंधे का दायरा बढ़ता ही जा रहा है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि अब इस काले कारोबार में महिलाओं की संलिप्तता बढ़ती जा रही है। ताजा मामला जिला शिमला से जुड़ा है, जहां पुलिस ने नशे की खेप के साथ दो युवकों और एक महिला को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि नशा तस्करी का जाल समाज में गहराई तक फैल चुका है।
गश्त के दौरान मिली गुप्त सूचना
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के जुब्बल क्षेत्र से सामने आया है। यहां पर पुलिस टीम नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिग की जा रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक गुप्त सूचना मिली कि जुब्बल क्षेत्र के एक कमरे में कुछ लोग नशे की खरीद-फरोख्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: हिमाचल के सरकारी डॉक्टर ने विदेश बैठे कपल का बदला जीवन : बच्चा न होने से थे परेशान, अब गूंजी किलकारी
पुलिस ने कमरे में दी दबिश
सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और तुरंत एक टीम बनाकर मौके पर रवाना हो गई। जैसे ही टीम ने बताए गए स्थान पर दबिश दी, कमरे में मौजूद लोग पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने बिना देर किए पूरे कमरे की तलाशी ली। तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से 20.09 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मौके पर ही तीनों को पकड़कर हिरासत में ले लिया।
आरोपियों की पहचान
- विनय वर्मा उम्र 40 साल, निवासी जुब्बल
- पंकज उम्र 25 साल, निवासी बढ़ावली
- जुब्बल और पूजा उम्र 31 साल, निवासी नकसेटली, कोटखाई के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल की पंचायतों पर होगा महिलाओं का राज- बदलेगी गांव की तस्वीर, 1900 बनेंगी प्रधान
पुलिस कर रही मामले की गहन जांच
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तीनों आरोपी नशे के अवैध कारोबार में शामिल थे और इलाके में इसकी सप्लाई कर रहे थे। पुलिस ने तीनों के खिलाफ NDPS एक्ट की विभिन्न धाराओ के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशे की सप्लाई कहां से हो रही थी। पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
