शिमला। हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला से एक बेहद दुखद और चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है। यहां एक व्यक्ति का शव उसकी गोशाला में फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोग मौके पर इकट्ठा हो गए।

फंदे से लटका मिला व्यक्ति का शव 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के रामपुर उपमंडल के गसो गांव से सामने आया है। यहां पर बीते मंगलवार एक व्यक्ति का शव उसकी गोशाला में फंदे से लटका मिला।  पंचायत सनारसा के उपप्रधान ठाकुर दास ने फोन करके थाना थाना झाखड़ी को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : शातिरों ने रिटायर्ड अफसर के सवा करोड़ रुपये उड़ाए, 2 महीने डिजिटल अरेस्ट रखा

घटनास्थल की जांच और परिवार का बयान

जांच के दौरान पाया गया कि शव घर के साथ बनी गोशाला में फंदे से लटका हुआ था। परिवार के अनुसार ईश्वर सिंह ने गोशाला की छत की लकड़ी की बल्ली से नायलॉन की रस्सी का फंदा लगाया था। परिजनों ने रस्सी काटकर शव नीचे उतारा और बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

फोरेंसिक टीम की जांच

मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला जूंगा की टीम को मौके पर बुलाया गया। SFSL Junga के विशेषज्ञों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सभी साक्ष्यों की जांच की। प्रारंभिक रिपोर्ट में इसे आत्महत्या का मामला माना गया है और किसी बाहरी हस्तक्षेप के संकेत नहीं मिले हैं।

 

यह भी पढ़ें : धर्मशाला MC: मेयर चुनाव से पहले तीन BJP पार्षदों पर अतिक्रमण का डंडा, कांग्रेस बिगाड़ सकती है समीकरण!

मृतक की पहचान 

मृतक की पहचान 45 वर्षीय ईश्वर सिंह के रूप में हुई है, जो गसो गांव के निवासी थे।

पुलिस की आगे की कार्रवाई

पुलिस ने सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर खनेरी भेज दिया है। मामला भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच में है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।