शिमला। जिस मंदिर में लोग अपनी आस्था और विश्वास के साथ माथा टेकते हैं, वहीं अब लाखों रुपये के सोने के गहने गायब होने का मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के चौपाल उपमंडल के पबास स्थित प्रसिद्ध बिजट महाराज मंदिर में करीब 10 लाख रुपये मूल्य के स्वर्ण आभूषणों के गबन का आरोप मंदिर के ही भंडारी पर लगा है। पुजारियों की शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भरोसे का मिला जिम्मा, अब गबन के आरोप
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, मंदिर के पुजारी श्याम लाल, वीरेंद्र सिंह और प्रकाश चंद ने आरोप लगाया है कि देवेंद्र सिंह मंदिर में भंडारी के रूप में कार्यरत था। मंदिर की चाबियां और देवता की संपत्ति की देखरेख की पूरी जिम्मेदारी उसी के पास थी।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में प्रचंड रूप दिखाएगा मानसून- अगले 5 दिन नहीं थमेगी बारिश, हाई अलर्ट पर कई जिले
10 लाख के सोने के आभूषण गायब
शिकायत में कहा गया है कि इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए भंडारी ने अपनी अभिरक्षा में रखे करीब 10 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषणों का गबन कर लिया। जब मंदिर के स्वर्ण आभूषणों का मिलान किया गया तो उनके गायब होने का पता चला, जिसके बाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, पूछताछ जारी
शिकायत मिलने के बाद चौपाल थाना पुलिस ने आरोपी देवेंद्र सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और गायब हुए आभूषणों की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही पुलिस इस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है- ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भी भूमिका है या नहीं।
यह भी पढ़ें- पावर की धौंस! HP पुलिस की 2 महिला कांस्टेबल ने SP पर जड़े आरोप, कॉल ट्रैक भी....
SSP बोले- शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच
SSP शिमला गौरव सिंह ने बताया कि बिजट महाराज मंदिर के पुजारियों की शिकायत के आधार पर चौपाल थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। शिकायत में मंदिर के भंडारी पर सोने के आभूषणों के गबन का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लोगों में चर्चा का माहौल
मंदिर से जुड़े इस मामले के सामने आने के बाद क्षेत्र के लोगों में भी चर्चा का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
