सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस आए दिन नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है और उन्हें सलाखों के पीछे पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला सोलन से नशे से जुड़ा एक और मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को लाखों रुपये की कीमत के चिट्टे और अन्य नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है।
हेलमेट के अंदर छिपाकर रखी थी हेरोइन और मेथम्फेटामाइन
पहला मामला बद्दी थाना क्षेत्र का है। पुलिस टीम को साई रोड और अमरावती इलाके में दो युवकों के बाइक पर घूमने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक के हैंडल पर लटके हेलमेट के अंदर से 42.86 ग्राम हेरोइन और 6.16 ग्राम मेथम्फेटामाइन बरामद हुई।
यह भी पढ़ें : नशे ने फिर छीना हिमाचल से एक जवान बेटा! 23 साल के ऋतिक की किराये के कमरे में मिली देह
पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान प्रदीप सिंह (27) निवासी हारटा, गढ़शंकर, जिला होशियारपुर, पंजाब और दानिश असलम सिरवाल (25) निवासी सोंडर दशम, जिला किश्तवाड़, जम्मू-कश्मीर के रूप में हुई है।
बाइक के वाइजर में छिपाई थी 9.21 ग्राम हेरोइन
दूसरी कार्रवाई बरोटीवाला थाना पुलिस ने की। पुलिस को भटौली कलां में टाईमैक्स कंपनी के पास एक युवक के बाइक पर आने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बाइक सवार युवक को रोका और उसकी तलाशी ली।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पुल से नदी में कूद गई 38 साल की महिला, युवकों ने बाहर निकाला... पर नहीं बचा सके जा*न
तलाशी के दौरान बाइक के मीटर हेड वाइजर के अंदर छिपाकर रखी 9.21 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर बाइक को भी कब्जे में ले लिया। आरोपी की पहचान अजय कुमार (21) निवासी पट्टा, रामशहर, जिला सोलन के रूप में हुई है।
NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद रिमांड लेकर यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि नशा उन्हें कहां से मिला और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में आयकर अधिकारी ने मांगी पांच लाख रुपए रिश्वत, CBI ने कसा शिकंजा; आरोपी फरार
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
बद्दी पुलिस ने साफ किया है कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि अगर उनके आसपास नशे की बिक्री या तस्करी से जुड़ी कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देती है तो तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी।
