हमीरपुर। हिमचाल प्रदेश के जिला हमीरपुर से एक बेहद हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पर उस समय हड़कंप मच गया, जब पुलिस कर्मी के रुकने का इशारा करने पर बाइक सवार ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी। बाइक चला रहे नाबालिग ने ट्रैफिक कर्मी मोनू को जोरदार टक्कर मार दी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बाइक रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने बढ़ा दी रफ्तार

जानकारी के मुताबिक, शनिवार दोपहर हमीरपुर बस अड्डे के पास ट्रैफिक पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों की चेकिंग के लिए नाका लगाया था। इसी दौरान कांगड़ा की तरफ से तेज रफ्तार बाइक आती दिखाई दी। ट्रैफिक कर्मी मोनू ने बाइक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने रुकने के बजाय बाइक की रफ्तार और बढ़ा दी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की जनता को बड़ी राहत : अब 45 नहीं 25 दिन बाद भरवा सकेंगे दूसरा गैस सिलेंडर

बाइक पर पीछे बैठे युवक ने नहीं पहना था हेलमेट

पुलिस के अनुसार, बाइक पर पीछे बैठे युवक ने हेलमेट नहीं पहना था। इसके अलावा बाइक की बॉडी पर भी टेपिंग की गई थी। जब पुलिस कर्मी ने बाइक को रोकने की कोशिश की तो चालक ने बाइक नहीं रोकी और इसी दौरान बाइक ने ट्रैफिक कर्मी मोनू को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद नाली में जा घुसी बाइक

हादसा इतना जोरदार था कि बाइक चालक से वाहन संभला नहीं और मोटरसाइकिल पास की तंग नाली में जा घुसी। बाइक गिरने के बाद करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में ट्रैफिक कर्मी मोनू के सिर, मुंह और बाजू पर गंभीर चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें- मणिमहेश यात्रा करने निकले दो दोस्त : देर रात गहरी खाई समाई में बाइक, दोनों की मौ**त

बाइक सवार दोनों युवक भी घायल

इस हादसे में बाइक पर सवार दोनों युवक भी घायल हुए हैं। उनके पैरों, बाजू और मुंह पर चोटें आई हैं। हादसे के बाद घायल ट्रैफिक कर्मी और दोनों बाइक सवारों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

नाबालिग चला रहा था बाइक

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि बाइक एक नाबालिग युवक चला रहा था, जो निहारी रक्कड़, जिला कांगड़ा का रहने वाला है। बाइक के पीछे मोहम्मद रफीक पुत्र अनवर मोहम्मद निवासी कोल्हापुर, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा बैठा था। पुलिस के मुताबिक, रफीक ने हेलमेट नहीं पहना था।

यह भी पढ़ें- मां बगलामुखी मंदिर में हाद**सा : हवन कुंड में गिरा श्रद्धालु, बुरी तरह झुल..सा, मची भगदड़

बाइक पर की गई टेपिंग की भी जांच

पुलिस को बाइक की बॉडी पर संदिग्ध तरीके से टेपिंग भी मिली है। पुलिस अब इसकी भी जांच कर रही है कि बाइक पर टेपिंग क्यों की गई थी और इसका मकसद क्या था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आगे की कार्रवाई जारी

एएसपी राजेश उपाध्याय ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। घटना को लेकर नियमानुसार मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।