ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में पुलिस ने गैंगस्टर और नशा माफिया के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की गई है। बता दें कि पंजाब की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर लाए गए कुख्यात गैंगस्टर राजीव कौशल उर्फ गुग्गू से पूछताछ के बाद पुलिस ने ऊना के विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की और भारी मात्रा में नशीले पदार्थ व नकदी बरामद की। 

सलोह गांव में छापेमारी़

SP राकेश सिंह के मुताबिक, हरोली उपमंडल के सलोह गांव में की गई छापेमारी में पुलिस ने 357 ग्राम अफीम और 2 लाख रुपये की नकदी बरामद की। पुलिस की यह कार्रवाई गैंगस्टर राजीव कौशल की अपराध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम के रूप में देखी जा रही है। 

राजीव का  लॉरेंस  कनेक्शन

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि राजीव कौशल का कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस से भी संबंध है। इसके अलावा, पंजाब पुलिस की सूचना पर 10 जनवरी को दर्ज एक मामले में यह खुलासा हुआ कि राजीव अपने साथियों के साथ मिलकर ऊना के एक कारोबारी की हत्या की योजना बना रहा था। यह साजिश एक बड़े अपराध नेटवर्क का हिस्सा थी, जो क्षेत्र में अपराध और भय फैलाने का प्रयास कर रहा था।

हत्या का मामला भी दर्ज

राजीव कौशल का आपराधिक इतिहास भी बहुत लंबा है। 2013 में उसने मेहतपुर के एक उद्योगपति की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या की थी। इसके बाद वह कई हत्याओं और फिरौती के मामलों में भी शामिल रहा। पुलिस अब यह भी जांच रही है कि उसके अपराधियों के साथ तार कहां से जुड़ते हैं और उनका नेटवर्क किस हद तक फैला हुआ है।

सख्त कार्रवाई के निर्देश

SP राकेश सिंह ने बताया कि पुलिस अब गैंगस्टरों गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले अपराधियों और नशा माफिया के बीच के संबंधों की भी गहरी जांच कर रही है। यह कार्रवाई क्षेत्र में अपराध और नशे की तस्करी के खिलाफ पुलिस के सख्त रुख को दर्शाती है। 

फिरौती, अवैध खनन और नशा माफिया पर कड़ी नजर

SP राकेश सिंह ने आगे कहा कि जिले में उद्योगपतियों, होटल मालिकों और कारोबारियों से फिरौती मांगने के मामलों को भी विभिन्न एंगल से जोड़ा जा रहा है। इसके साथ ही नशा माफिया, अवैध खनन माफिया और अन्य माफिया नेटवर्क की जांच भी की जा रही है। पुलिस यह देख रही है कि इन अपराधियों के बीच आपसी संबंध क्या हैं और उनका नेटवर्क किस हद तक फैला हुआ है।

पूछताछ जारी

राजीव कौशल और उसके साथ गिरफ्तार किए गए हरप्रीत सिंह और ढिल्लू के मामले में आगे क्या कड़ियां जुड़ती हैं, यह जांच का विषय रहेगा। SP राकेश सिंह ने कहा कि इस वक्त सभी संदिग्धों के आपस में संबंधों की गहराई से जांच की जा रही है, ताकि अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह से नष्ट किया जा सके।