सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति को अज्ञात नंबरों से व्हाट्सएप कॉल और मैसेज के ज़रिए 1 करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गई। इतना ही नहीं, रकम न देने पर अगले 48 घंटे में जान से मारने की धमकी भी दी गई। पीड़ित अनिल कुमार ने कालाअंब पुलिस थाना में शिकायत दर्ज करवाई है, जिसके बाद पुलिस और साइबर सेल हरकत में आ गई है।

 

धमकी भरे मैसेज में लिखा – सिर्फ 48 घंटे हैं, नहीं तो अंजाम भुगतो


अनिल कुमार ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसे एक अजनबी नंबर से कॉल और धमकी भरे मैसेज आने लगे। उसमें कहा गया कि यदि उसने फोन नहीं उठाया तो उसे नुकसान भुगतना पड़ेगा। डर के कारण अनिल ने उस नंबर को ब्लॉक कर दिया। लेकिन इसके बाद एक और नंबर से उसे वॉयस रिकॉर्डिंग मैसेज मिला, जिसमें साफ-साफ कहा गया कि उसके पास 48 घंटे का वक्त है, और उसे 1 करोड़ रुपये का इंतजाम करना होगा। ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी दी गई।

यह भी पढ़ें :  हिमाचल : तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आया स्कूटी सवार, मौके पर ही थम गई सांसे- परिवार बेसुध

 

साइबर सेल की टीम भी जांच में जुटी


अनिल ने पुलिस को उन दोनों नंबरों की जानकारी दी, जिनसे उसे धमकियां मिली थीं। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि इस मामले में कालाअंब पुलिस थाना में IPC की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस साइबर सेल की मदद से इन नंबरों की ट्रैकिंग और तकनीकी जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि धमकी देने वाले की लोकेशन कहां की है हिमाचल, हरियाणा या किसी अन्य राज्य की।

यह भी पढ़ें :  HRTC और निजी बस में हुई जोरदार टक्कर : 20 यात्री थे सवार- अचानक ब्रेक लगाने से मची चीख-पुकार

प्रदेश में साइबर अपराध का नया रूप


यह मामला हिमाचल प्रदेश में फिरौती और साइबर धमकियों के बढ़ते मामलों की एक गंभीर बानगी है। तकनीक के ज़रिए लोगों को डराकर रकम वसूलने की कोशिशें अब प्रदेश जैसे अपेक्षाकृत शांत इलाकों तक पहुंच चुकी हैं। पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से सतर्क रहने और ऐसे किसी भी कॉल या मैसेज की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या साइबर हेल्पलाइन को देने की अपील की है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें