शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में शुक्रवार को एक दर्दनाक घटना ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। नगर निगम शिमला में तैनात एक अधिकारी ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान रामेश्वर शर्मा (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नगर निगम में डिप्टी कंट्रोलर के पद पर कार्यरत थे। घटना के बाद पूरे निगम प्रशासन और इलाके में शोक का माहौल है।

हाफ डे लेकर निकले थे घर

जानकारी के अनुसार रामेश्वर शर्मा मूल रूप से शिमला जिला के चिड़गांव क्षेत्र के सीमा गांव के रहने वाले थे और वर्तमान में कसुम्पटी में परिवार के साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह वह रोजाना की तरह अपने कार्यालय पहुंचे थे। दिन के समय उन्होंने कार्यालय से छुट्टी ली और घर लौट आए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में दादी बनाम पोती : एक को BJP तो दूसरी को कांग्रेस ने थमाया टिकट, होगा कड़ा मुकाबला

पत्नी ने देखा तो उड़ गए होश

कुछ घंटों बाद घर में यह दर्दनाक मंजर सामने आया। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी ने जब कमरे में जाकर देखा तो रामेश्वर शर्मा फंदे से लटके हुए थे। यह दृश्य देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।

 

यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबे हिमाचल को अब लॉटरी का सहारा- 27 साल बाद फिर शुरू करने जा रही सरकार, जानें

 

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का माना जा रहा है। शव को पोस्टमार्टम के लिए आईजीएमसी शिमला भेजा गया है।

मौत के कारणों की जांच जारी

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर के पद पर तैनात थे। पुलिस द्वारा बीएनएसएस की धारा 194 के तहत कार्रवाई अमल में लाई जा रही है। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है।

इस घटना के बाद नगर निगम शिमला के कर्मचारियों और अधिकारियों में भी गहरा दुख देखा जा रहा है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि अधिकारी ने इतना बड़ा कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

घर से मिला सुसाइड नोट

बता दें कि नगर निगम शिमला में डिप्टी कंट्रोलर के घर से पुलिस को सुसाइड नोट बरामद हुआ है। उम्मीद है कि अब उनकी मौत के कारणों का पता चल पाएगा। हालांकि अभी तक नोट को सार्वजनिक नही किया गया है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें