#विविध
May 9, 2026
हिमाचल में दादी बनाम पोती : एक को BJP तो दूसरी को कांग्रेस ने थमाया टिकट, होगा कड़ा मुकाबला
भाजपा ने पोती को दिया टिकट, कांग्रेस ने दादी को उतारा मैदान में
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के संगड़ाह क्षेत्र का दाना घाटों वार्ड इस बार जिला परिषद चुनाव में सबसे चर्चित सीटों में शामिल हो गया है। वजह सिर्फ चुनाव नहीं, बल्कि इस बार का पारिवारिक मुकाबला है। यहां भाजपा और कांग्रेस ने रिश्ते में दादी और पोती को आमने-सामने उतारकर पूरे इलाके की राजनीति को दिलचस्प बना दिया है। अब यह चुनाव सिर्फ वोटों का नहीं बल्कि अनुभव और युवा सोच के टकराव के रूप में देखा जा रहा है।
भाजपा ने युवा चेहरा अंकिता ठाकुर पर भरोसा जताया है। अंकिता उच्च शिक्षित हैं और पहली बार सक्रिय राजनीति में कदम रख रही हैं। वहीं कांग्रेस ने उनकी रिश्ते में दादी राधा चौहान को चुनावी मैदान में उतारा है, जो लंबे समय से क्षेत्र में सामाजिक पकड़ और जनसंपर्क के लिए जानी जाती हैं। खास बात यह है कि दोनों प्रत्याशी हरिपुरधार क्षेत्र के टिकरी डसाकना गांव से संबंध रखती हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की राजनीति में एक और 'राजा' की शाही एंट्री, विक्रमादित्य से है करीबी नाता, BJP से भरा पर्चा
शुक्रवार को दोनों उम्मीदवारों ने संगड़ाह स्थित एसडीएम कार्यालय पहुंचकर अपना नामांकन दाखिल किया। इस दौरान दोनों पक्षों के समर्थकों की भारी भीड़ भी देखने को मिली। नामांकन के बाद से ही पूरे इलाके में इस मुकाबले को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।
यह भी पढ़ें : विक्रमादित्य ने जयराम के गढ़ में फूंका चुनावी बिगुल: जनता से की भावुक अपील-विकास का किया वादा
दाना घाटों वार्ड में इन दिनों चाय की दुकानों, चौपालों और बाजारों में सिर्फ एक ही सवाल सुनाई दे रहा है कि आखिर दादी और पोती की इस सियासी जंग में जीत किसकी होगी? स्थानीय लोग इसे बेहद रोचक मुकाबला मान रहे हैं। लोगों का कहना है कि एक तरफ अनुभवी और सामाजिक रूप से मजबूत दादी हैं, जबकि दूसरी तरफ नई सोच और पढ़ी-लिखी युवा पोती चुनावी मैदान में है।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार यह मुकाबला पारंपरिक राजनीति और नए नेतृत्व के बीच संघर्ष के रूप में भी देखा जा रहा है। भाजपा युवा नेतृत्व के जरिए नए वोटरों को साधने की कोशिश कर रही है, जबकि कांग्रेस अनुभव और पुराने जनाधार पर भरोसा जता रही है।
अब दोनों उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ गांव-गांव जाकर जनसंपर्क अभियान में जुट गई हैं। आने वाले दिनों में यह मुकाबला और भी दिलचस्प होने की संभावना है।