मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सदर थाना पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। यहां पर पुलिस ने नाके के दौरान एक निजी बस से लाखों का नशा बरामद कर तीन हरियाणा के तस्करों को गिरफ्तार किया है। 

निजी बस की तलाशी में मिला भारी मात्रा में नशा

पुलिस के अनुसार, 17 जुलाई को सदर थाना की टीम ने शिल्हाकिप्पड़ के पास फोरलेन पर नाका लगाया हुआ था। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित जांच की जा रही थी। इसी दौरान केलांग-मनाली-धर्मशाला रूट पर चल रही एक निजी बस (HP 53D 9077) को जांच के लिए रोका गया।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : 18 साल से कम उम्र की भतीजी संग चाचा ने की नीचता, कोर्ट ने 20 वर्षों के लिए भेजा जेल

 

टीम ने बस में मौजूद सभी यात्रियों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान कुछ युवक संदिग्ध हरकतें करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर तीनों की गहन तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5.535 किलो चरस और 568 ग्राम अफीम बरामद हुई।

हरियाणा के तीन आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके पर ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अनिल कुमार उर्फ काला, कृष्ण कुमार और अमित के रूप में हुई है। तीनों हरियाणा के सोनीपत जिले के रहने वाले हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

 

यह भी पढ़ें : बिना टेस्ट दिए पाएं अच्छी नौकरी, सैलरी मिलेगी 20 हजार से ज्यादा- जानें डिटेल

आज अदालत में होंगे पेश, रिमांड पर होगी पूछताछ

पुलिस आज तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। पूछताछ के दौरान यह पता लगाया जाएगा कि इतनी बड़ी मात्रा में चरस और अफीम कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। साथ ही यह भी जांच की जाएगी कि इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

SP बोले- नशा तस्करों पर लगातार होगी कार्रवाई 

SP मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने साफ कहा कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें नशा तस्करी या किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।