कुल्लू। लोग मेहनत कर पैसे जोड़ते हैं ताकि जरूरत के समय, खासकर इलाज के लिए, उनका सहारा बन सके। लेकिन कुछ ठग ऐसे भी हैं जो इसी मजबूरी का फायदा उठाने से नहीं चूकते। ऐसा ही एक हैरान कर देने वाला मामला कुल्लू से सामने आया है, जहां एक शख्स ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर एक नेपाली व्यक्ति से 5 हजार रुपये ठग लिए।
इलाज के लिए आए थे हिमाचल
जानकारी के अनुसार, मामला जिला कुल्लू का है। यहां पर एक व्यक्ति को ठगी का शिकार बनाया गया। बताया जा रहा है कि व्यक्ति हिमाचल प्रदेश इलाज करवाने आया था और आगे कांगड़ा जाने की तैयारी में था। वीरवार सुबह करीब 10:30 बजे वह भुंतर के सैनिक चौक के पास सड़क किनारे खड़ा था, तभी एक व्यक्ति काले रंग की स्कूटी पर वहां पहुंचा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दो युवकों की मौ*त, नशे से जुड़ रहे तार- गम में एक की मां ने उठाया गलत कदम
व्यक्ति जबरदस्ती साथ ले गया आरोपी
आरोपी ने खुद को पुलिस वाला बताते हुए व्यक्ति को डराना शुरू कर दिया। उसने कहा कि एक नेपाली चोरी करके भागा हुआ है और उस पर शक है, इसलिए उसे पूछताछ के लिए थाने चलना होगा। आरोपी ने पहले उसे हेलमेट पकड़ा दिया और फिर जबरदस्ती स्कूटी पर बैठाकर करीब 5 किलोमीटर दूर कुल्लू की ओर ले गया।
पांच हजार रुपये निकाल हुआ फरार
कुछ दूर ले जाकर उसने सड़क किनारे उसे उतार दिया और उसकी तलाशी लेने लगा। इसी दौरान उसने व्यक्ति की जेब से पांच हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी यह कहकर वहां से भाग गया कि “साहब से पूछकर आता हूं कि आगे क्या करना है”, लेकिन वह वापस नहीं लौटा।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का दावा: 5 धड़ों में बंटी BJP, अपना वजूद बचाने का संघर्ष कर रहे अनुराग
लोगों ने पुलिस थाने की दी सलाह
पीड़ित करीब 45 मिनट तक सड़क किनारे उसका इंतजार करता रहा, लेकिन जब वह नहीं आया तो उसे शक हुआ कि उसके साथ ठगी हो गई है। इसके बाद उसने आसपास के लोगों से बात की, जिन्होंने उसे पुलिस थाने जाकर शिकायत करने की सलाह दी। इसके बाद उसने भुंतर थाने में पूरी घटना की जानकारी दी, जहां पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
व्यक्ति की पुलिस से मांग
दिल्ली राम जो नेपाल के देइलेखा जिले का रहने वाला है। पुलिस को शिकायत में बताया कि वह कांगड़ा इलाज के लिए जाने वाला था और उसके पास यही पांच हजार रुपये थे। अब पैसे चले जाने के कारण वह काफी परेशान है और उसे समझ नहीं आ रहा कि आगे इलाज कैसे कराएगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के डॉक्टरों ने रचा इतिहास : रोबोटिक सर्जरी कर कैंसर की मरीज को दिया नया जीवन
उसने पुलिस से मांग की है कि इलाके में लगे CCTV कैमरों की जांच कर आरोपी को जल्द पकड़ा जाए और उसके पैसे वापस दिलाए जाएं। वहीं, पुलिस अधीक्षक कुल्लू का कहना है कि फिलहाल मामला उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन अगर ऐसी घटना हुई है तो जांच कर उचित कार्रवाई की जाएगी।
