कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए ढेर सारे चिट्टे के साथ पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से नशे की खेप बरामद करने के साथ-साथ तस्करी में इस्तेमाल की जा रही दो गाड़ियों को भी जब्त किया है।
गश्त के दौरान तलाशी के लिए रोकी पिकअप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के नगरोटा बगवां का है। यहां पर पुलिस थाना नगरोटा बगवां की टीम देर रात गश्त और नाकाबंदी पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक गाड़ी में नशे की खेप होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने ट्रैफिक कार्यालय नगरोटा बगवां के पास सफेद रंग की पिकअप (HP 37J-4836) को रोककर तलाशी ली।
यह भी पढ़ें- आइसक्रीम के बहाने 6 वर्षीय लड़की से नीचता, मां ने रंगे-हाथों पकड़ा- हुई 20 साल की सजा
तलाशी के दौरान पुलिस को गाड़ी से 15 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने गाड़ी में सवार तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया और पिकअप को भी कब्जे में ले लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रवीण कुमार निवासी व्याड़ा, पालमपुर, अंकुश निवासी रक्कड़, बैजनाथ और अनिल निवासी अन्दरेटा, पालमपुर के रूप में हुई है।
हनुमान घाट पर कार से मिला 6.66 ग्राम चिट्टा
दूसरा मामला कांगड़ा बाईपास के हनुमान घाट का है। कांगड़ा पुलिस की CIA टीम यहां गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को एक कार में सवार युवकों के पास नशा होने की सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने सामने से आ रही ऑल्टो कार को रोककर तलाशी ली।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में ढहा दो मंजिला मकान, मां समेत गर्भवती बेटी ने गंवाई जा..न, 2 साल के बच्चे....
तलाशी के दौरान कार में सवार दो युवकों के पास से 6.66 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने नशे की खेप के साथ ऑल्टो कार को भी जब्त कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन राणा (31) और पार्थ शर्मा (20), निवासी टंग नरवाना, धर्मशाला के रूप में हुई है।
सप्लायर तक पहुंचने के लिए जांच तेज
पुलिस ने दोनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। पुलिस आरोपियों के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि नशे के इस नेटवर्क से जुड़े मुख्य सप्लायर तक पहुंचा जा सके।
