कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक महिला का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मामला धीरा क्षेत्र का है, जहां न्यूगल खड्ड के बलोटी पुल के पास मंगलवार शाम एक महिला का शव बरामद हुआ। शव मिलने की सूचना फैलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। 

सुबह घर से निकली थी महिला 

पुलिस को पूछताछ के दौरान परिजनों से पता चला कि महिला मंगलवार सुबह करीब चार बजे घर से निकली थी। इसके बाद वह काफी देर तक वापस नहीं लौटी। शाम तक जब महिला घर नहीं पहुंची तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। परिजनों ने आसपास के इलाकों और रिश्तेदारों के यहां भी उसके बारे में जानकारी जुटाई।

 

यह भी पढ़े : दिल्ली में आज सुंदर सिंह के नाम पर लगेगी मुहर : कुई मंत्रियों से छिन सकती है पॉवर

सोशल मीडिया पर फोटो देखकर पुलिस से किया संपर्क

इसी दौरान सोशल मीडिया पर न्यूगल खड्ड के पास महिला का शव मिलने की जानकारी सामने आई। शव की फोटो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद परिजनों ने फोटो देखी और उन्हें महिला के शव होने की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस से संपर्क किया और शव की पहचान की प्रक्रिया पूरी की।

पहले भी बिना बताए घर से चली जाती थी

परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ थी। वह पहले भी कई बार बिना बताए घर से चली जाती थी। मंगलवार को भी वह सुबह-सुबह घर से निकल गई थी। परिवार को लगा कि वह कुछ समय बाद वापस लौट आएगी, लेकिन शाम तक उसके वापस न आने पर परिजन परेशान हो गए और उसकी तलाश शुरू कर दी।

यह भी पढ़ें : पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर फूटा सांसद अनुराग का गुस्सा, बोले- ‘खटाखट मॉडल अब खटारा हो गया’

मृतका की पहचान विक्रमा देवी के रूप में हुई

मृतका की पहचान 60 वर्षीय विक्रमा देवी पत्नी स्वर्गीय शाँकी राम, निवासी मैंझा के रूप में हुई है। उसके बेटे जसवंत सिंह ने पुलिस के समक्ष शव की पहचान की। पालमपुर के डीएसपी सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि परिजनों ने महिला की पहचान कर ली है और किसी व्यक्ति पर शक जाहिर नहीं किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

पुलिस ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल परिजनों ने महिला की मौत को लेकर किसी तरह का शक जाहिर नहीं किया है।