कांगड़ा। कांगड़ा में शराब के नशे में एक व्यक्ति का हंगामा करना उस समय भारी पड़ गया, जब उसने पड़ोस में रहने वाली महिलाओं के साथ बदसलूकी करते हुए उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। आरोपी की हरकतों से डरी महिलाओं ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
शराब के नशे में मचा रहा था हुड़दंग
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना लंबागांव के तहत भटवारा गांव में एक व्यक्ति को शराब के नशे में हंगामा करना भारी पड़ गया। बता दें कि बीते कल सोमवार दोपहर के बाद दिनेश कुमार नशे की हालत में गांव में हुड़दंग मचा रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल विधानसभा में अब आउटसोर्स भर्ती पर हुआ हंगामा, नारेबाजी करते हुए विपक्ष ने किया वॉकआउट
पड़ोसी महिलाओं को जान से मारने की धमकी
बताया जा रहा है कि दिनेश कुमार अपने पड़ोस में रहने वाली कल्पना देवी और रीता देवी को जान से मारने की धमकी दे रहा था। वह दोनों महिलाओं के साथ मारपीट करने पर भी उतारू हो गया था। इससे डरकर महिलाओं ने लंबागांव थाना में इसकी शिकायत कर दी।
पहले भी हत्या के मामले में काट चुका है सजा
जानकारी के मुताबिक, दिनेश कुमार पहले भी हत्या के एक मामले में 6 साल की सजा काट चुका है। इसी वजह से पड़ोसी महिलाएं उससे काफी डरी हुई थीं और उन्होंने पुलिस से मदद मांगी।
यह भी पढ़ें : देहरादून से हिमाचल में हो रहा था नशा सप्लाई, मास्टरमाइंड मनीषा सहित दो तस्कर गिरफ्तार
शिकायत मिलते ही पुलिस ने किया हिरासत में
महिलाओं की शिकायत मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने दिनेश कुमार को हिरासत में लेकर हवालात में बंद कर दिया। मामले की पुष्टि DSP बैजनाथ संदीप शर्मा ने की है।
