नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज लूटकांड सामने आया है। नगरोटा बगवां क्षेत्र में स्थित एक शराब ठेके पर देर रात चार युवकों ने फिल्मी अंदाज में लूट की वारदात को अंजाम दिया। आरोप है कि बदमाशों ने पहले सेल्समैन को पिस्तौल दिखाकर धमकाया, फिर चाकू से हमला कर दिया। जब उसने खुद को बचाने की कोशिश की तो उसके सिर पर शराब की बोतल से वार कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी ठेके का नकदी से भरा गल्ला उठाकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि गल्ले में दिनभर की बिक्री के करीब 1.85 लाख रुपये मौजूद थे।
पहले ग्राहक बनकर पहुंचे, फिर बदला रंग
जानकारी के अनुसार घटना नगरोटा बगवां के पटियालकड़ क्षेत्र में स्थित शराब ठेके की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ युवक रात के समय ठेके पर पहुंचे और सामान्य ग्राहकों की तरह बीयर खरीदी। इसके बाद वे आसपास के क्षेत्र में चले गए। कुछ समय बाद वे दो अन्य साथियों के साथ फिर ठेके पर लौटे। इस बार उनका मकसद कुछ और ही था। जैसे ही मौका मिला, उन्होंने ठेके में मौजूद कर्मचारी को निशाना बना लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में खुलेगा पहला कमर्शियल पायलट ट्रेनिंग स्कूल, कंपनी को सुक्खू सरकार की 'हां' का इंतजार
पिस्तौल और चाकू के दम पर की लूट
शिकायत के अनुसार एक आरोपी ने कथित तौर पर पिस्तौल निकालकर सेल्समैन को डराया, जबकि दूसरे ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। कर्मचारी ने हमले से बचने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान एक अन्य युवक ने उसके सिर पर शराब की बोतल दे मारी। अचानक हुए हमले से कर्मचारी घायल हो गया और बदमाशों को वारदात अंजाम देने का मौका मिल गया।
जाते-जाते तोड़ गए CCTV कैमरा
लूट को अंजाम देने के बाद आरोपी केवल नकदी लेकर ही नहीं भागे, बल्कि पहचान छिपाने के लिए ठेके में लगा सीसीटीवी कैमरा भी क्षतिग्रस्त कर गए। हालांकि पुलिस को उम्मीद है कि आसपास लगे अन्य कैमरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से आरोपियों तक पहुंचा जा सकेगा।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : अपनों पर खूब बरसे पूर्व CM, बोले- अब कार्यकर्ताओं की नहीं, बड़े नेताओं की बन गई है भाजपा
1.85 लाख रुपये से भरा गल्ला लेकर फरार
घटना के समय ठेके के गल्ले में करीब 1 लाख 85 हजार रुपये नकद मौजूद थे। बदमाश पूरा गल्ला उठाकर मौके से फरार हो गए। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शुरू की तलाश
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर लूट, हथियारों के इस्तेमाल और अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही हैं और आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही हैं। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वारदात में शामिल आरोपी बाहरी राज्यों से हो सकते हैं, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पंचायत उपप्रधान ने कार्यभार संभालते ही शिक्षिका की लू.ट ली इज्जत! ब्लै*कमेल भी किया
इलाके में दहशत, सुरक्षा पर उठे सवाल
भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में इस तरह की दुस्साहसिक लूट की घटना ने स्थानीय लोगों को चिंता में डाल दिया है। लोगों का कहना है कि हथियारों के बल पर हुई इस वारदात ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द खुलासा होने का दावा कर रही है।
