कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और भावुक कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 38 वर्षीय विवाहित महिला कथित तौर पर वर्षों से ससुराल में मिल रहे तानों, मानसिक प्रताड़ना और घरेलू विवादों से इस कदर टूट गई कि उसने अपनी जीवन लीला ही समाप्त कर ली। इस दर्दनाक घटना के बाद उसकी दो मासूम बेटियां हमेशा के लिए अपनी मां की ममता से वंचित हो गई हैं। घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है।

दहेज, संतान और घरेलू तानों से टूटी महिला

मामला कांगड़ पुलिस थाना के तहत आते खोली गांव का है। मृतका की पहचान 38 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आई शिकायत के अनुसार महिला की शादी वर्ष 2013 में हुई थी। मायका पक्ष का आरोप है कि शादी के कई वर्षों तक संतान न होने को लेकर उसे लगातार ताने सुनने पड़े। बाद में जब उसने दो बेटियों को जन्म दिया, तब भी उसकी परेशानियां कम नहीं हुईं। आरोप है कि उसे बेटियां होने को लेकर भी मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता रहा। इतना ही नहीं, दहेज में मायके से जमीन नहीं लाने की बात को लेकर भी उसे बार-बार अपमानित किया जाता था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल महिला टीचर केस : बच्चा न होने पर ससुराल वाले करते थे तंग, परिजनों ने मांगा इंसाफ

घरेलू कलह ने बढ़ाया मानसिक दबाव

परिजनों का आरोप है कि संयुक्त परिवार में रहने के बावजूद महिला को घर के कामकाज को लेकर भी लगातार ताने दिए जाते थे। यहां तक कि उसे रसोई से अलग कर दिया गया, जिसके बाद उसे मजबूरी में अपना अलग चूल्हा जलाना पड़ा। शिकायत में यह भी कहा गया है कि महिला के बच्चों को भी उसके खिलाफ भड़काया जाता था, जिससे वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुकी थी।

जहरीला पदार्थ निगलने के बाद अस्पताल में तोड़ा दम

बताया जा रहा है कि बुधवार शाम महिला ने अपने ससुराल में संदिग्ध जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। उसकी तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा ले गए, लेकिन चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल शिक्षा बोर्ड का बड़ा फैसला, 2026 में फेल हुए इन स्टूडेंट्स को मिलेगा स्पेशल चांस

पति सहित पांच लोगों पर मामला दर्ज

महिला की मौत के बाद मायका पक्ष ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत के आधार पर कांगड़ा पुलिस ने पति, सास, ससुर, जेठ और जेठानी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहनता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने कर्मचारियों को दिया तोहफा- स्टडी लीव पर मिलेगी पूरी सैलरी, आदेश लागू

दो मासूम बेटियों का भविष्य बना चिंता का विषय

इस दर्दनाक घटना के बाद सबसे बड़ा सवाल उन दो मासूम बेटियों के भविष्य को लेकर खड़ा हो गया है, जिन्होंने कम उम्र में ही अपनी मां को खो दिया। यह घटना एक बार फिर घरेलू प्रताड़ना, दहेज को लेकर होने वाले विवाद और महिलाओं के मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर चिंता बढ़ाती है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें