हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नादौन-हमीरपुर फोरलेन पर धूम्पल गांव के पास सड़क किनारे खड़ी कार में एक स्कूल टीचर का शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 

छुट्टी बिताने घर गया था टीचर 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला नादौन-हमीरपुर फोरलेन पर धूम्पल गांव से सामने आया है। बताया जा रहा है कि स्कूल में छुट्टियां होने के चलते टीचर इन दिनों अपने घर पर ही था। बीते बुधवार सुबह सात बजे  वह अपनी कार से घर से निकला था। इसी दौरान लाहड़ कोटलू के मझेली चौक के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। तबीयत खराब होने पर उन्होंने कार को सड़क किनारे रोक दिया।

 

यह भी पढ़ें : पेट्रोल पंप के पास स्कूटी-कार की टक्कर, एक ने तोड़ा दम- सदमे में परिवार

अगले दिन कार में मिली देह 

गुरुवार को लोगों ने धूम्पल में सड़क किनारे उनकी कार खड़ी देखी। कार के अंदर टीचर स्टीयरिंग की तरफ सिर झुकाए हुए दिखाई दिए। पहले लोगों को लगा कि वह शायद सो रहे हैं, लेकिन काफी देर तक कोई हलचल नहीं दिखी तो लोगों को शक हुआ। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस पहुंची तो मामला लगा गंभीर 

सूचना मिलते ही SI पूर्ण भगत की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच में पता चला कि कार रात से ही उसी जगह खड़ी थी। मामला संदिग्ध लगने पर DSP रश्मि शर्मा और नादौन थाना प्रभारी नाजर सिंह भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू कर दी। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में अगले माह शुरू होगी जनगणना : जाति, बैंक खाते-कोविड वैक्सीन सहित पूछे जाएंगे ये 40 सवाल

मौके पर बुलाए परिजनों

पुलिस ने मृतक की पहचान होने के बाद उनके परिवार को सूचना दी और परिजनों को मौके पर बुलाया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी से फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने परिजनों की मौजूदगी में घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए। व्यास देव शर्मा निवासी वाहानु गांव, तहसील बल्द्वाड़ा, जिला मंडी के रूप में हुई है।

शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

जांच पूरी करने के बाद पुलिस ने शव को कार से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए हमीरपुर भेज दिया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करवाई गई है। अब पुलिस को रिपोर्ट का इंतजार है। 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में सरकारी अस्पताल के बुरे हाल : एक बेड पर 3-3 मरीज, तीमारदार परेशान

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का कारण

डीएसपी रश्मि शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम करवाया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल पाएगा कि व्यास देव शर्मा की मौत किस वजह से हुई। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की गहराई से जांच कर रही है। अभी मौत के कारण को लेकर स्थिति साफ नहीं है।