चंबा। छोटी-छोटी बातों पर होने वाली कहासुनी कभी-कभी इतना खौफनाक रूप ले लेती है कि रिश्ते ही नहीं, जिंदगियां भी खत्म हो जाती हैं। ऐसा ही दिल दहला देने वाला मामला हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से सामने आया है, जहां दोस्तों के बीच हुई मामूली बहस खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्से में एक युवक ने अपने ही दोस्त के सिर पर पत्थर से हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
सड़क के नीचे देखा खून से लथपथ युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के पलूहीं पंचायत के झल्ल गांव का है। यहां पर बीते कल शुक्रवार सुबह कुछ ग्रामीणों ने सड़क के नीचे एक युवक को खून से लथपथ हालत में पड़ा देखा। पास जाकर देखने पर पता चला कि युवक की मौत हो चुकी है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ऑफिस से हाफ डे लेकर घर लौटा नगर निगम अधिकारी, कमरे में उठाया गलत कदम- सदमे में परिवार
पुलिस को दी सूचना
वहीं सड़क पर भी काफी मात्रा में खून बिखरा हुआ था, जिससे लोगों को किसी बड़ी वारदात का अंदेशा हुआ। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही सदर थाना चम्बा की पुलिस टीम मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शुरुआती जांच में मामला हत्या का पाया।
रात को चल रही थी पार्टी
इसके बाद फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए और जांच शुरू की। मृतक की पहचान झल्ल गांव निवासी अजय सिंह के रूप में हुई। पुलिस जांच में सामने आया कि वीरवार रात अजय सिंह अपने दो दोस्तों के साथ पार्टी कर रहा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दादी बनाम पोती : एक को BJP तो दूसरी को कांग्रेस ने थमाया टिकट, होगा कड़ा मुकाबला
दोस्त ने सर पर किया पत्थर से वार
इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच बहस शुरू हो गई। पहले मामूली कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि अरुण कुमार ने गुस्से में आकर अजय सिंह के सिर पर पत्थर से हमला कर दिया।
शव को सड़क से नीचे फेंककर मौके से फरार
पत्थर का वार इतना जोरदार था कि अजय सिंह गंभीर रूप से घायल होकर वहीं गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी घबरा गया और शव को सड़क से नीचे फेंककर मौके से फरार हो गया।
यह भी पढ़ें : कर्ज में डूबे हिमाचल को अब लॉटरी का सहारा- 27 साल बाद फिर शुरू करने जा रही सरकार, जानें
दोनों अपराधी गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने दोनों दोस्तों को पूछताछ के लिए बुलाया। पूछताछ के दौरान अरुण कुमार की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी अरुण कुमार पुत्र नुधिया राम निवासी गांव बलियारा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि वारदात के समय मौजूद दूसरे दोस्त की इसमें कोई भूमिका थी या नहीं।
क्या बोले SP चंबा ?
SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज चम्बा में पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है और पूछताछ के बाद हत्या के पीछे की असली वजह साफ हो पाएगी।
