चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां पर एक नवजात का शव मिला है। नवजात का सिर शरीर से अलग हालत में मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
ग्रामीणों ने पुलिस को दी सूचना
जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के चुराह टिकरीगढ़ गांव के पास ग्रामीणों ने नवजात का सिर देखा। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस चौकी नकरोड़ को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके की तलाशी शुरू की। पुलिस ने पहले नवजात के सिर को कब्जे में लिया। इसके बाद कुछ दूरी पर तलाशी के दौरान नवजात के शरीर का बाकी हिस्सा भी बरामद कर लिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में भारी बारिश का अलर्ट! कई जिलों में बरसेंगे मेघ, जाने अगले चार दिन का हाल
शव पर मिले जानवरों के नोचने के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में नवजात के शरीर पर जानवरों के नोचने के निशान मिले हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नवजात को यहां किसने छोड़ा था और वह पहले से मृत था या नहीं। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं इस मामले के पीछे कोई आपराधिक घटना तो नहीं है।
नवजात के माता-पिता की तलाश में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस के सामने सबसे बड़ा सवाल नवजात की पहचान को लेकर है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाल ही में इलाके में किसी महिला के प्रसव या नवजात की मौत की जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में पुलिस ने इलाके की आशा वर्करों से संपर्क किया है। पुलिस ने हाल में गर्भवती महिलाओं, प्रसव और गर्भपात से जुड़ी जानकारी और रिकॉर्ड भी मांगा है, ताकि नवजात के माता-पिता तक पहुंचा जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक और म**र्डर -कहासुनी के बाद भिड़े 2 गुट, बीच बाज़ार हुई वारदात
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने नवजात के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और फोरेंसिक जांच के लिए पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा भेज दिया है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि नवजात की मौत कब और किस वजह से हुई थी।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
चंबा के SP विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि टिकरीगढ़ के पास एक नवजात का शव मिला है। पुलिस इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्थानीय स्तर पर जुटाई जा रही जानकारी के आधार पर मामले की पूरी सच्चाई सामने लाने की कोशिश की जा रही है।
