#अपराध
October 17, 2026
हिमाचल : घर को बनाया ड्रग्स का अड्डा! बेटा बेचता था चिट्टा, मां के खाते में आते थे पैसे; महिला गिरफ्तार
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

हमीरपुर। मां-बेटे का रिश्ता भरोसे और प्यार का होता है। हर मां चाहती है कि उसका बच्चा सही रास्ते पर चले और जिंदगी में आगे बढ़े, लेकिन हिमाचल प्रदेश में चिट्टे से जुड़े एक मामले ने सबको हैरान कर दिया है। यहां बेटे के चिट्टा सप्लाई करने के बदले पैसे उसकी मां के बैंक खाते में जमा करवाए जाते थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला हमीरपुर के अणु से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने 5.37 ग्राम हेरोइन (चिट्टा) बरामद होने के मामले में पुलिस ने चंडीगढ़ से 40 साल की महिला उर्मिला को गिरफ्तार किया है। महिला के बेटे पर भी नशे की सप्लाई से जुड़े होने का आरोप है, लेकिन वह अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अदालत ने गिरफ्तार महिला को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
यह भी पढ़ें : कुल्लू दशहरे से पहले हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, इन देवता को नहीं मिलेगा निमंत्रण और सुविधाएं; जानें क्यों
पुलिस जांच में सामने आया है कि साहिल महिला के बैंक खाते में पैसे जमा करवाता था। इसके बदले महिला का बेटा उसे हेरोइन (चिट्टा) उपलब्ध करवाता था। पुलिस अब महिला के बेटे की तलाश में जुटी हुई है और मामले की पूरी कड़ी जोड़ने की कोशिश कर रही है।
यह मामला 26 जुलाई को सामने आया था। पुलिस ने वार्ड नंबर-10 रामनगर में कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को पकड़ा था। इनके कब्जे से कुल 10.33 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशा बेच खड़ा किया करोड़ों का साम्राज्य, पुलिस ने कर लिया सब जब्त; डेढ़ करोड़ से अधिक है कीमत
इस मामले में पुलिस ने शशांक भारद्वाज निवासी गांव बड़ैहर, तहसील भोरंज, नवीन कपलेश निवासी गांव लोहारड़ा और अश्वनी कुमार निवासी गांव बरोहा, डाकघर डुग्घा को गिरफ्तार किया था। इसके बाद जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने बलजीत और गुरदेव को भी गिरफ्तार कर लिया।
जांच के दौरान पुलिस साहिल तक पहुंची। उसे अणु के वार्ड नंबर-7 स्थित एक कमरे से 5.37 ग्राम हेरोइन बरामद होने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ और जांच के आधार पर पुलिस अब इस मामले में महिला और उसके बेटे की भूमिका की भी जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : नवरात्रि में दान के नाम पर फर्जीवाड़, यूट्यूबर ने अपना QR कोड लगाकर श्रद्धालुओं से वसूले पैसे
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है। उन्होंने बताया कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका बेटा अभी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक, महिला की गिरफ्तारी नशे से जुड़े एक मामले की जांच के दौरान हुई है।