चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। यहां एक विवाहिता की गलती से जहरीले पदार्थ का सेवन करने के कारण मौत हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर उसकी जान नहीं बचा सके। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं पूरे इलाके में भी शोक का माहौल है।
गलती से पी ली जहरीली दवा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला चंबा के टिप्परा गांव से सामने आया है। बीते वीरवार को विवाहिता ने घर में रखी किसी जहरीली दवा को भूलवश पी लिया। शुरुआत में उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि उन्होंने जहरीला पदार्थ निगल लिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में टीचरों की डबल ड्यूटी: पहले स्कूल में पढ़ाना होगा, फिर जनगणना का भी जिम्मा
कुछ ही देर बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। उन्हें बेचैनी, घबराहट और अन्य दिक्कतें महसूस होने लगीं। महिला की हालत बिगड़ती देख परिजनों के हाथ-पांव फूल गए और वे बिना समय गंवाए उन्हें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल चम्बा लेकर पहुंचे।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चली गई जान
परिजन महिला को लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने तुरंत उनकी जांच शुरू की। लेकिन तब तक जहरीले पदार्थ का असर काफी बढ़ चुका था। तमाम कोशिशों के बावजूद डॉक्टर महिला की जान नहीं बचा सके और जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा और अस्पताल में चीख-पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें : मंत्री जगत नेगी और निगम भंडारी विवाद में विक्रमादित्य की एंट्री- एक पोस्ट ने बढ़ाई सियासी हलचल
कमलेश ठाकुर की हुई दर्दनाक मौत
मृतका की पहचान कमलेश ठाकुर उम्र 42 साल, पत्नी विजय कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से चम्बा जिले के गांव टिप्परा, डाकघर पल्यूर की रहने वाली थीं। कुछ समय पहले ही उनका परिवार चम्बा शहर के सुल्तानपुर मोहल्ले में बने नए मकान में रहने आया था। परिवार सामान्य जीवन जी रहा था, लेकिन एक छोटी सी गलती ने पूरे परिवार की खुशियां पलभर में छीन लीं।
अस्पताल ने पुलिस को दी सूचना
महिला की मौत के बाद अस्पताल प्रशासन ने नियमानुसार घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की। पुलिस ने मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों से पूछताछ भी की ताकि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा सके।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: बीमारी ने छीन ली 15 वर्षीय विभूषी की सांसें, जुड़वां बहन का रो-रोकर बुरा हाल
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद मेडिकल कॉलेज चम्बा में महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। महिला की असामयिक मौत से गांव और रिश्तेदारों में भी शोक का माहौल है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
चम्बा के SP विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने नियमानुसार कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक महिला ने गलती से जहरीली दवा का सेवन किया था, लेकिन पुलिस किसी भी संभावना को नजरअंदाज नहीं कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि महिला ने आखिर किस दवा का सेवन किया और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की पूरी तस्वीर साफ हो सकेगी।
