बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला  बिलासपुर से एक दुखद और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। यहां दो सड़क हादसों के बाद फरार चल रहे एक कार चालक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगलकर अपनी जान दे दी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है, जबकि मृतक के परिवार में मातम का माहौल है। 

परिवार के साथ खाना खाकर गया सोने 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के चांदपुर गांव का है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने अपने रोज की तरह अपने परिवार के साथ खाना खाया। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। परिवार वालों को उस समय किसी तरह की कोई आशंका नहीं थी।

 

यह भी पढ़ें : BREAKING: NEET UG 2026 परीक्षा हुई रद्द: पेपर लीक की आशंका - CBI जांच करेगी

अचेत अवस्था में पड़ा था युवक 

लेकिन सोमवार सुबह काफी देर तक जब अजय कुमार कमरे से बाहर नहीं आया तो परिजनों को चिंता होने लगी। इसके बाद परिवार के सदस्य उसके कमरे में पहुंचे। दरवाजा खोलकर देखा तो अजय अपने बिस्तर पर बेसुध हालत में पड़ा हुआ था। 

जहरीले पदार्थ का सेवन था सेवन 

इसके बाद परिजन घबरा गए और तुरंत उसे इलाज के लिए एम्स बिलासपुर लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अजय कुमार को मृत घोषित कर दिया। बाद में जानकारी सामने आई कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था।

 

यह भी पढ़ें : नशे के खिलाफ सुक्खू सरकार का सबसे बड़ा फैसला- अब सरकारी नौकरी से पहले होगा चिट्टा टेस्ट

मृतक की पहचान 

40 वर्षीय अजय कुमार निवासी गांव एवं डाकघर चांदपुर, तहसील सदर जिला बिलासपुर के रूप में हुई है।

कार की टक्कर से स्कूटी सवार युवक घायल 

बताया जा रहा है कि दो दिन पहले अजय कुमार का नाम बिलासपुर-कंदरौर मार्ग पर हुए दो सड़क हादसों में सामने आया था। जानकारी के अनुसार चांदपुर के पास उसकी कार की टक्कर बध्यात निवासी युवक अखिल चंदेल की स्कूटी से हो गई थी। इस हादसे में स्कूटी सवार युवक घायल हो गया था। आरोप है कि हादसे के बाद अजय मौके से फरार हो गया था। 

यह भी पढ़ें : शादी में बाराती बन गया था पुलिस कांस्टेबल, अचानक थम गई सांसें; दो मासूम बेटियों का था पिता

दो घटनोंओं के बाद केस दर्ज 

इसी दिन चकली नामक स्थान पर भी अजय कुमार की कार की टक्कर कंदरौर निवासी अभिषेक की स्कूटी से हुई थी। इस हादसे में स्कूटी चालक घायल हो गया था। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस ने अजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था और उसे पूछताछ के लिए फोन भी किए जा रहे थे।

हादसे के बाद तनाव में था अजय

स्थानीय लोगों के अनुसार हादसों के बाद से अजय काफी परेशान रहने लगा था। वह ज्यादा किसी से बातचीत नहीं कर रहा था और मानसिक तनाव में दिखाई दे रहा था। अजय अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।