बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस की टीमें जगह-जगह नाकाबंदी कर नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही हैं। इसी कड़ी में बिलासपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। यहां पर पुलिस ने नशे की खेप के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। 

नाके पर रोके दो बाइक सवार 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के स्वारघाट क्षेत्र के कैंचीमोड़ से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक को तलाशी के लिए रोका। पुलिस को देख दोनों घबरा गए।

यह भी पढ़ें- कनाडा में बुझ गया हिमाचल का चिराग : नई कार ने छीन लिया मां-बाप से जवान बेटा

ढेर सारा चिट्टा बरामद 

पुलिस को दोनों की हरकतें संदिग्ध लगी। शक के आधार पर पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बाइक सवार दो युवकों के पास से करीब 101 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया।

आरोपियों की पहचान 

करण (23) निवासी घनौली, पंजाब और राकेश प्रसाद (24) निवासी प्रेम नगर, बलाचौर, पंजाब के रूप में हुई है। दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, इसी दौरान पुलिस ने उन्हें जांच के लिए रोका।

यह भी पढ़ें- हिमाचल छोड़ नाई का काम करने CANADA गया युवक, लाइफस्टाइल देख हर कोई हैरान

करण पर पहले से दर्ज हैं 4 मामले

जांच में सामने आया है कि आरोपी करण के खिलाफ पंजाब के रूपनगर थाने में पहले से चार आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें एक मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 307 के तहत दर्ज है, जबकि तीन मामले NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत दर्ज हैं।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, रिमांड पर दोनों आरोपी

SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने बताया कि मामले में थाना स्वारघाट में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत केस दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल हाईकोर्ट में निकली भर्ती: लाइब्रेरियन से लेकर चपरासी तक के भरे जाएंगे पद; जानें पूरी डिटेल

नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को चिट्टा कहां से मिला और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी। पुलिस नशे की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक की जांच कर रही है, ताकि पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।