बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में पुलिस नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। आए दिन पुलिस नशा तस्करों पर धरपकड़ कर रही है। इसी कड़ी में अब ताजा मामला जिला बिलासपुर से सामने आया है। यहां पर पुलिस ने नशे की खेप के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।
जांच के लिए रोकी स्कूटी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला बिलासपुर के गरा फोरलेन से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान किरतपुर की तरफ से मंडी भराड़ी की ओर आ रही एक स्कूटी को जांच के लिए रोका गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में मानसून का रौद्र रूप: सड़कें बनीं दरिया- हवा में लटक गया रेल ट्रैक, अगले 4 दिन अलर्ट
तलाशी में मिला करीब 16 ग्राम चिट्टा
पुलिस ने जब स्कूटी पर सवार दोनों युवकों की तलाशी ली तो उनके पास से करीब 16 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने दोनों युवकों को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
दोनों आरोपी मंडी के रहने वाले
गिरफ्तार युवकों की पहचान 30 वर्षीय वेदांश बैहल पुत्र हरविलास बैहल निवासी चौबाटा बाजार मंडी, तहसील सदर, जिला मंडी और 29 वर्षीय शुभम पुत्र नरेश कुमार निवासी दरभयाना मोहल्ला लोअर समखेतर, तहसील सदर, जिला मंडी के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: परिवार ने खो दिया 16 साल का बेटा, घर से ट्यूशन के लिए निकला था, अगले दिन इस हाल में मिला
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ स्वारघाट थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाने जा रहे थे। मामले में आगे की जांच जारी है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
एसपी अभिषेक धीमान ने कहा कि बिलासपुर पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। उन्होंने कहा कि जिले में नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
