बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है और लोग इस अचानक हुई मौत को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही है। 

घर के पास बेहोशी की हालत में मिला युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला बिलासपुर जिले के झंडूता विधानसभा क्षेत्र के बल्ह चलोग गांव से सामने आया है। यहां पर एक युवक अपने घर के पास बेहोशी की हालत में पड़ा मिला था, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत इलाज के लिए एम्स बिलासपुर लेकर पहुंचे। 

यह भी पढ़ें- हिमाचल : बैग में चरस, चेहरे पर डर...पुलिस ने लाखों की चरस संग धरा भारत भूषण

परिजन तुरंत लेकर पहुंचे एम्स बिलासपुर

वहां डॉक्टरों की टीम ने उसे बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन काफी देर तक चले उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक की पहचान रामपाल के रूप में

मृतक की पहचान रामपाल पुत्र छोटू राम निवासी बल्ह चलोग के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना से पहले वह सामान्य रूप से घर के आसपास ही था, लेकिन अचानक वह बेहोशी की हालत में मिला, जिससे मामला संदिग्ध हो गया।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : घर आने का इंतजार करते रहे परिजन, सुबह खड्ड में पड़ी मिली बस ड्राइवर की देह

जहरीले पदार्थ सेवन की आशंका

जानकारी के अनुसार, परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया हो सकता है। हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस भी इस पहलू को गंभीरता से जांच में शामिल कर रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम एम्स बिलासपुर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों और आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए। शुरुआती जांच में मामला जहरीली वस्तु के सेवन से जुड़ा हुआ माना जा रहा है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं को खंगाल रही है।

यह भी पढ़ें- HRTC कर्मियों की हड़ताल पर डिप्टी CM सुख्त : बोले- बसें नहीं चलानी तो सौंप दें चाबियां

शरीर पर चोट के निशान नहीं मिले

पुलिस द्वारा किए गए निरीक्षण में मृतक के शरीर पर किसी भी तरह की चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए हैं। इससे यह मामला और भी ज्यादा संदिग्ध हो गया है कि आखिर युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

शव का पोस्टमार्टम एम्स बिलासपुर में करवा दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : मिस्त्री के बेटे ने यूरोप में रचाई शादी, करता है शेफ का काम- नवंबर में लौटेगा घर

क्या बोले DSP  घुमारवीं ? 

DSP घुमारवीं विशाल वर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और हर एंगल से छानबीन की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि युवक ने जहरीली वस्तु का सेवन किया या फिर मामला कुछ और है।