हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले से एक बहुत दुखद खबर सामने आई है। 21 वर्षीय विवाहिता ने अपने कमरे में बंद होकर जीवन का गलत कदम उठा लिया। इस घटना ने पूरे परिवार और गांव को सदमे में डाल दिया है। सबसे हृदयविदारक बात यह है कि उसने अपने पीछे सिर्फ 10 महीने की मासूम बच्ची छोड़ दी है।
घर आए थे रिश्तेदार
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना जिला हमीरपुर के गलोड़ क्षेत्र के गांव लहड़ा की है। बताया जा रहा है कि बीते कल शुक्रवार रात घर में कुछ रिश्तेदार आए हुए थे। सुजा ने सभी के साथ सामान्य बातचीत की और फिर अपने कमरे में चली गई। काफी देर तक वह कमरे से बाहर नहीं आई, तो उसकी सास और घर आए रिश्तेदार परेशान हुए।
यह भी पढ़ें : केंद्र की मोदी सरकार ने 3 साल में सुक्खू सरकार पर कितनी की धनवर्षा, आंकड़े देख चौंक जाएंगे आप
परिवार में मची चीख-पुकार
जब उन्होंने कमरे में जाकर देखा, तो उनके पैरो तले जमीन खिसक गई। विवाहिता फंदे से लटकी हुई थी। यह नजारा देखकर घर में मौजूद सभी लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को दी घटना की सूचना
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की जानकारी दी। मृतक की पहचान सुजा कुमारी उम्र 21 साल के रूप में हुई है। सुजा का पति ऊना की एक निजी कंपनी में काम करता है। घटना की खबर मिलने के बाद सदमे में आ गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पंचायत चुनावों का बिगुल बजने को तैयार, 2 दिन में आएगा रोस्टर; उम्मीदवारों ने कसी कमर
10 महीने की मासूम के सिर से उठ गया मां का साया
सबसे दुखद पहलू यह है कि सुजा अपने पीछे मात्र 10 महीने की मासूम बच्ची छोड़ गई है। छोटे-छोटे हाथ, जो अब हमेशा अपनी माँ की बाहों और प्यार के बिना जीवन की मुश्किल राहों का सामना करेंगे।
पुलिस की जांच
SP हमीरपुर, बलबीर सिंह ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि शुरुआती तौर पर यह आत्महत्या का मामला लग रहा है, लेकिन पूरी सच्चाई सामने आने तक हर संभावना को जांच में रखा गया है।
