चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिला से एक हैरान और शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। जिस सरकारी स्कूल में बच्चों को संस्कार, अनुशासन और बेहतर भविष्य का पाठ पढ़ाया जाता है, उसी स्कूल के हेडमास्टर साहब कथित तौर पर शराब के नशे में धुत होकर स्कूल पहुंच गए।

 

उनकी हालत ऐसी बताई जा रही थी कि वह ठीक से चल भी नहीं पा रहे थे और स्कूल परिसर में हिचकोले खाते हुए नजर आए। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पूरे क्षेत्र में इसकी चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, अभिभावकों और ग्रामीणों में भी इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्कूल पहुंचे तो देखकर हैरान रह गए लोग

जानकारी के अनुसार मामला चंबा जिले के राजकीय उच्च पाठशाला मंगलेरा का है। मंगलवार सुबह जब स्कूल के मुख्य अध्यापक विद्यालय पहुंचे तो उनकी हालत सामान्य नहीं थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार उनके कदम लड़खड़ा रहे थे और उनसे शराब की गंध भी महसूस की जा रही थी। स्कूल में मौजूद विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों ने जब यह दृश्य देखा तो सभी हैरान रह गए। बच्चों के सामने एक शिक्षक की ऐसी स्थिति को लेकर लोगों ने गहरी नाराजगी जताई।

 

यह भी पढ़ें : HRTC कर्मियों को डिप्टी CM का सख्त संदेश: दबाव की राजनीति नहीं चलेगी, कल से नए चालकों की भर्ती

कैमरा देखते ही मुंह छिपाने लगे हेडमास्टर

ग्रामीणों का आरोप है कि जब लोगों ने मुख्य अध्यापक की गतिविधियों को अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करना शुरू किया तो वह कैमरे से बचने का प्रयास करने लगे। वीडियो में कथित तौर पर उन्हें अपना चेहरा छिपाते हुए और वहां से निकलने की कोशिश करते देखा गया। देखते ही देखते यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया और लोगों ने मामले में सख्त कार्रवाई की मांग उठानी शुरू कर दी।

अभिभावकों का फूटा गुस्सा

घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों और अभिभावकों का गुस्सा फूट पड़ा। उनका कहना है कि जिन शिक्षकों पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी है, यदि वही इस तरह का व्यवहार करेंगे तो बच्चों पर इसका गलत प्रभाव पड़ेगा। लोगों ने शिक्षा विभाग से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में फिल्मी स्टंट जैसा हा.दसा: हवा में उछली कार... पुल से नीचे गिरी; वीडियो CCTV में कैद

शिक्षा विभाग ने तुरंत लिया संज्ञान

मामला सामने आते ही शिक्षा विभाग भी हरकत में आ गया। अभिभावकों की शिकायत मिलने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। प्रारंभिक जांच के लिए एक वरिष्ठ अधिकारी को स्कूल भेजा गया है, जो घटनास्थल पर पहुंचकर तथ्यों को जुटा रहे हैं। जांच रिपोर्ट तैयार कर विभाग को सौंपी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार का बड़ा फैसला : अगले महीने पेंशनरों को देंगे एरियर की सौगात, लंबे समय से था इंतजार

जांच रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित मुख्य अध्यापक के खिलाफ विभागीय नियमों के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: नशेड़ी पति-पत्नी का बीच सड़क हाई वोल्टेज ड्रामा; आपस में ही भिड़ गए दोनों; चला दिया चा*कू

सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस

घटना का वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर भी लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों ने इसे शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताया है, जबकि कुछ ने स्कूलों में जवाबदेही और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है और अब सभी की नजरें शिक्षा विभाग की रिपोर्ट और उसके बाद होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।