हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में छुट्टी पर घर आए भारतीय सेना के एक जवान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जवान का शव उनके घर के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
सुबह पत्नी ने देखा शव
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान बड़सर उपमंडल के लोहारली गांव निवासी रवि कुमार के रूप में हुई है। वह हाल ही में छुट्टी लेकर अपने घर आए थे। बताया जा रहा है कि रात को परिवार के साथ भोजन करने के बाद वह अपने कमरे में सोने चले गए। अगली सुबह उनकी पत्नी जब कमरे में पहुंचीं तो उन्होंने रवि कुमार का शव फंदे से लटका देखा। इसके बाद परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
यह भी पढ़ें- 550 KM पैदल कांवड़ ले किन्नर कैलाश पहुंचा 19 वर्षीय युवक- पहली बार शिवलिंग पर चढ़ा गंगाजल
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
सूचना मिलने पर बड़सर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
पत्नी और ढाई साल का बेटा छोड़ गए
रवि कुमार अपने पीछे पत्नी और करीब ढाई साल के मासूम बेटे को छोड़ गए हैं। जवान की अचानक हुई मौत से पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिवार गहरे सदमे में है।
यह भी पढ़ें- 10 साल से व्हीलचेयर पर पिता- परिवार के लिए बेटियां कर रहीं संघर्ष, CM सुक्खू से मांगी मदद
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
DSP लालमन शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
