मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े एक घर से करीब तीन लाख रुपये के सोने के आभूषण चोरी होने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला ने अपने पड़ोसी पर चोरी का संदेह जताया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
चार्जर मांगने के बहाने घर में घुसा
पुलिस को दी शिकायत में किरणा कुमारी पत्नी दुर्गादास निवासी गांव ख्युरी, डाकघर राजगढ़, तहसील बल्ह ने बताया कि वह सोमवार को सुंदरनगर के चुरढ़ क्षेत्र स्थित नाल गांव में अपनी ननद के घर गई हुई थी। इसी दौरान वह छत पर सूख रहे कपड़े उतारने चली गई।
यह भी पढ़ें- कंगना रनौत ने Gen Z को कहा गटर छाप, बोलीं- शराब पीती हैं, मां-बाप की कमाई खाती हैं
पड़ोसी ने पर्स टटोला
महिला का आरोप है कि जब वह ऊपर थी, तभी एक पड़ोसी मोबाइल चार्जर मांगने के बहाने घर के अंदर आया। कुछ देर बाद उसकी आठ वर्षीय बेटी ने बताया कि उक्त व्यक्ति कमरे में रखे पर्स को टटोल रहा था।
पर्स से गायब मिले सोने के आभूषण
बेटी की बात सुनने के बाद महिला ने अपना पर्स चेक किया तो उसमें रखा करीब पांच ग्राम का सोने का मंगलसूत्र, आठ ग्राम का सोने का चाक (हार) और पांच से छह ग्राम के सोने के कान के कांटे गायब मिले। चोरी हुए आभूषणों की कुल कीमत करीब तीन लाख रुपये बताई गई है।
यह भी पढ़ें- संपत्ति विवाद पर CM सुक्खू का पलटवार : एक भी नई प्रॉपर्टी नहीं खरीदी, चाहें तो जांच करा लें
पड़ोसी पर जताया संदेह
शिकायतकर्ता का कहना है कि वह पूरे दिन घर पर ही मौजूद थी और उसकी ननद के पड़ोसी के अलावा कोई अन्य व्यक्ति घर में नहीं आया था। इसी वजह से उसे उसी व्यक्ति पर चोरी का संदेह है।
पुलिस ने शुरू की जांच
SP मंडी विनोद कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े साक्ष्य जुटा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गहन जांच की जा रही है।
