मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से बेहद सनसनीखेज और दुखद मामल सामने आया है। यहां निहरी पुलिस चौकी क्षेत्र में क्रिकेट खेलते समय हुए झगड़े का बेहद दर्दनाक अंत हुआ है। यहां खेल-खेल में हुए विवाद में एक 14 साल के लड़के की मौत हो गई है। इस झकझोर देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। 

लड़कों की हुई कहासुनी

जानकारी के अनुसार, यह घटना बीती 1 अप्रैल को निहरी तहसील के दोघरी (धरोग) गांव में हुई थी। स्थानीय बच्चे आपस में क्रिकेट खेल रहे थे, तभी बॉलिंग और विकेटकीपिंग को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हिंसा तक पहुंच गया।

यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार ने हिमकेयर पर दिया बड़ा झटका: अब सर्जरी और इलाज के कई खर्चों पर नहीं मिलेगा क्लेम

सिर पर मारा बैट

बताया जा रहा है कि झगड़े के दौरान एक नाबालिग आरोपी ने पास में पड़े लकड़ी के बैट से दूसरे किशोर के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले के बाद घायल किशोर मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तुरंत नागरिक अस्पताल सुन्नी ले जाया गया- जहां से हालत गंभीर होने पर उसे IGMC शिमला रेफर कर दिया गया था।

भाई के बयान दर्ज

पुलिस टीम ने किशोर के भाई के बयान पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने घटना के अगले ही दिन यानी 2 अप्रैल को आरोपी लड़के के खिलाफ BNS की धारा 126(2), 115(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें : कानूनी लड़ाई में हर्ष महाजन की जीत : सिंघवी की अर्जी खारिज, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

पुलिस ने बैट किया बरामद

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और हमले में इस्तेमाल लकड़ी के बैट को भी बरामद कर लिया। किशोर की मौत के बाद अब मामले में BNS की धारा 103 (हत्या) भी जोड़ दी गई है।

हर पहलू की हो रही गहन जांच

पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखा गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की पुष्टि करते हुए SP मंडी विनोद कुमार ने कहा कि पूरे घटनाक्रम की गहनता से जांच की जा रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें