शिमला। हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच शिमला पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने चिट्टे की सप्लाई करने वाले एक बड़े सप्लायर को पंजाब के जलालाबाद क्षेत्र से गिरफ्तार किया है।
पाकिस्तान से हिमाचल पहुंच रहा था चिट्टा
खास बात यह है कि यह इलाका भारत-पाकिस्तान सीमा से सटा हुआ माना जाता है। जांच में सामने आया है कि आरोपित शिमला समेत कई इलाकों में नशे की खेप पहुंचाने का काम करता था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : धर्म संकट में फंसा पति, वॉर्ड पंच के लिए पत्नी और सगी बहन आमने-सामने
पुलिस ने पंजाब से धरा मुख्य सप्लायर
यह कार्रवाई शिमला के सदर थाना में 9 मई को दर्ज हुए NDPS एक्ट के मामले की जांच के दौरान सामने आई। पुलिस ने मामले की तह तक पहुंचने के लिए बैकवर्ड लिंक खंगाले, जिसके बाद सप्लायर तक पहुंचने में सफलता हासिल हुई।
चिट्टे संग धरे दो सप्लायर
दरअसल, 9 मई को सदर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया था। इनमें 26 वर्षीय निशान सिंह निवासी जिला फिरोजपुर और 23 वर्षीय गुरप्रीत सिंह निवासी जिला कपूरथला शामिल थे। दोनों आरोपितों के कब्जे से करीब 10.300 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : दो दोस्तों ने लूटी छात्रा की इज्ज.त, कंप्यूटर सेंटर में हुई थी दोस्ती- वीडियो भी बनाई
अब खुलेगी कई परतें
शुरुआती पूछताछ के बाद पुलिस को शक हुआ कि इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क सक्रिय है। इसके बाद पुलिस ने डिजिटल साक्ष्यों, मोबाइल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान चिट्टे की सप्लाई का कनेक्शन पंजाब के जलालाबाद इलाके से जुड़ता हुआ मिला। पुलिस ने सप्लायर की पहचान 22 वर्षीय आकाशदीप उर्फ आकाश निवासी जिला फिरोजपुर, पंजाब के रूप में की।
कई राज्यों में भेज रहे थे खेप
मंगलवार देर रात शिमला पुलिस की टीम ने स्थानीय पंजाब पुलिस के सहयोग से जलालाबाद में विशेष ऑपरेशन चलाया। इसके बाद आरोपित आकाशदीप को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस का मानना है कि आरोपित लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्रों से चिट्टा लाकर हिमाचल और अन्य राज्यों में सप्लाई कर रहा था।
यह भी पढ़ें- हिमाचल : विदेश में नौकरी करने का मौका, हर महीने मिलेगी एक लाख तक सैलरी- जल्द करें अप्लाई
बैकवर्ड लिंक से मिली कामयाबी
पुलिस आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2026 में बैकवर्ड लिंक जांच के आधार पर अब तक 39 आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं। यह आंकड़ा पिछले वर्ष की तुलना में करीब नौ गुना अधिक बताया जा रहा है। पुलिस अब केवल छोटे स्तर के नशा तस्करों तक सीमित न रहकर पूरे नेटवर्क और मुख्य सप्लायरों तक पहुंचने की रणनीति पर काम कर रही है।
30 नेटवर्क किए ध्वस्त
इसी अभियान के तहत इस वर्ष अब तक 30 अंतरराज्यीय और अंतरराष्ट्रीय नशा तस्करी नेटवर्क भी ध्वस्त किए जा चुके हैं। पुलिस का कहना है कि हिमाचल में चिट्टे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में बढ़ता कुत्तों का आतंक : 3 साल में 3 लाख लोगों को काटा, 11 की मौ.त- सुप्रीम कोर्ट हुआ सख्त
पुलिस का अभियान तेज
ASP शिमला अभिषेक ने बताया कि पुलिस जिले में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई कर रही है। आने वाले समय में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।
