#अपराध
May 19, 2026
हिमाचल : मारूति 800 से मिली लाखों की चरस, एक ही गांव के दो युवक गिरफ्तार
NDPS एक्ट के तहत दर्ज किया मामला
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पुलिस लगातार नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई कर रही है। खासकर शिमला जिले में पुलिस ने पिछले कुछ समय में नशे के कई बड़े नेटवर्क ध्वस्त किए हैं। आए दिन पुलिस की सख्त कार्रवाई के चलते तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी बीच शिमला जिले से एक और मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने नशे की खेप के साथ दो युवकों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार, मामला जिला शिमला के उपमंडल रोहड़ू से सामने आया है। यहां पर पुलिस नशे के खिलाफ गश्त कर रही थी। 18 मई 2026 को पुलिस उपमंडल रोहड़ू की खुफिया टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि मख्खीनाला इलाके में एक कार के जरिए नशे की बड़ी खेप ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और इलाके में नाकाबंदी कर दी।
पुलिस आवाजाही वाले सभी वाहनों की नियमित चेकिंग कर रही थी। इस दौरान सामने से आ रही एक मारुति 800 कार को रोका। कर के अंदर दो लोग सवार थे, जो पुलिस को देख घबरा गए। टीम को युवकों की हरकतें संदिग्ध लगी। शक के आधार पर कार की तलाशी ली गई। जब पुलिस टीम ने कार की तलाशी ली तो उसमें से 509 ग्राम चरस बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा में चरस मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर ही कार में सवार दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ रोहड़ू थाना में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दोनों युवक चरस तस्करी में शामिल थे और नशे की खेप को एक जगह से दूसरी जगह पहुंचाने की तैयारी में थे।
वहीं अब पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि आखिर चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किस इलाके में सप्लाई किया जाना था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रदेश में नशे के कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी हालत में नशा तस्करों को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।