चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक और कामयाबी मिली है। चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर बालू पुल के पास पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान पंजाब के एक युवक को चिट्टे की खेप के साथ गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने कैसे पकड़ा तस्कर?

जानकारी के अनुसार, चंबा पुलिस की टीम चंबा-पठानकोट NH पर बालू पुल के नजदीक गश्त और नाकाबंदी कर रही थी। इसी दौरान एक युवक वहां से गुजर रहा था। पुलिस के अनुसार युवक की गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : कबड्डी मैच में अफरा-तफरी, स्कूल का लेंटर गिरा; बच्चों समेत 23 पहुंचे अस्पताल

तस्कर ने कहां छुपाया था नशा?

पुलिस को देखकर वह कथित तौर पर घबरा गया और वहां से निकलने की कोशिश करने लगा। उसकी इस हरकत पर पुलिस टीम को शक हुआ और उसे रोककर पूछताछ की गई। इसके बाद पुलिस ने युवक के बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से एक मोबाइल चार्जर के अलावा नशीला पदार्थ बरामद हुआ।

युवक से कितना मिला चिट्टा?

जांच में बरामद पदार्थ की मात्रा 15.22 ग्राम चिट्टा बताई गई है। मामले में खेप संग पकड़े गए युवक की पहचान 36 वर्षीय लखविंद्र कुमार के रूप में हुई है- जोकि पंजाब के होशियारपुर जिले के मुकेरियां क्षेत्र का रहने वाला है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल के 2 जिलों में आज बारिश का यलो अलर्ट : ऊंची चोटियों पर होगी बर्फबारी, जानें मौसम अपडेट

किसे बेचने आया था चिट्टा?

पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वह चिट्टा कहां से लेकर आया था और इसे किस स्थान पर पहुंचाना था। पुलिस ने इस मामले में थाना चंबा में NDPS Act की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

कहां पहुंची पुलिस जांच?

पुलिस अब मामले के दूसरे पहलुओं की भी जांच कर रही है। पूछताछ के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी-

  • किसी अन्य व्यक्ति के संपर्क में था या नहीं?
  • बरामद नशीला पदार्थ किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं?
  • चिट्टा किससे लिया था और इसे आगे किसे देना था?

यह भी पढ़ें : हिमाचल: युवक ने ढाबे पर खाया चाय-परांठा, फिर महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डाल छीन ले गया मंगलसूत्र

क्या बड़े नेटवर्क का हिस्सा?

मामले की पुष्टि करते हुए SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि अगर जांच के दौरान इस नशीले पदार्थ की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। इस तरह पुलिस बरामदगी के पीछे मौजूद संभावित सप्लाई चैन का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें