बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में पुलिस थाना तलाई की टीम ने वीरवार शाम एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए एक युवक को चिट्टा/हेरोइन के साथ रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ बड़ी सफलता के तौर पर देखा जा रहा है।
किराए के कमरे से नशा तस्करी
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को एक मुखबिर से अहम सूचना मिली कि नगर पंचायत तलाई के वार्ड नंबर 5 में एक युवक किराए के कमरे में रहकर नशे का कारोबार चला रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में दो युवकों की मौ*त, नशे से जुड़ रहे तार- गम में एक की मां ने उठाया गलत कदम
पुलिस ने मारा छापा
सूचना में यह भी बताया गया कि आरोपी के पास इस समय भारी मात्रा में चिट्टा/हेरोइन मौजूद है और यदि तुरंत दबिश दी जाए तो बड़ी बरामदगी हो सकती है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना प्रभारी ने तुरंत एक रेडिंग पार्टी का गठन किया और बिना समय गंवाए बताए गए स्थान पर छापा मारा।
ढेर सारा चिट्टा बरामद
पुलिस टीम ने जब आरोपी के किराए के कमरे की तलाशी ली, तो वहां से 43 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई। आरोपी की पहचान अर्जुन सिंह पुत्र विजय कुमार के रूप में हुई है- जो कि जिला तरनतारन (पंजाब) का रहने वाला है। मगर पिछले कुछ समय से वो तलाई में रह रहा था।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू का दावा: 5 धड़ों में बंटी BJP, अपना वजूद बचाने का संघर्ष कर रहे अनुराग
रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
मौके पर ही पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और उसके खिलाफ 26 मार्च 2026 को NDPS एक्ट की धारा 21 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि आरोपी क्षेत्र में नशे की सप्लाई से जुड़ा हुआ था, हालांकि पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ने में जुट गई है।
किसी बड़े गिरोह का हिस्सा
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि आरोपी अकेले काम कर रहा था या इसके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। इसके अलावा यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि नशे की खेप कहां से लाई जा रही थी और किन-किन क्षेत्रों में इसकी सप्लाई की जा रही थी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के डॉक्टरों ने रचा इतिहास : रोबोटिक सर्जरी कर कैंसर की मरीज को दिया नया जीवन
सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज
मामले की पुष्टि करते हुए DSP संदीप धवल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशा तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
आम जनता से अपील
पुलिस ने इस कार्रवाई के साथ ही क्षेत्र में नशे के खिलाफ अभियान को और अधिक सख्ती से चलाने की बात कही है। साथ ही आम जनता से भी सहयोग की अपील की गई है कि यदि कहीं भी नशे से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में LPG का हाहाकार : लाखों का कीमती सामान छोड़, सिलेंडर उठा कर भागे चोर
बढ़ रही चिट्टा तस्करी
गौरतलब है कि हिमाचल प्रदेश में हाल के समय में चिट्टा तस्करी के मामलों में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है, जिस पर लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। तलाई में हुई यह गिरफ्तारी इसी मुहिम का हिस्सा मानी जा रही है, जिससे नशा तस्करों में हड़कंप मच गया है।
