सोलन। हिमाचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सोलन पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। जिले की एसआईयू टीम ने चंबाघाट स्थित एक होटल में छापेमारी कर नशे के कारोबार से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद मामले से जुड़े नेटवर्क की भी जांच शुरू कर दी गई है।
41 ग्राम चिट्टा बरामद
पुलिस को सूचना मिली थी कि चंबाघाट के एक होटल में ठहरे कुछ लोग संदिग्ध गतिविधियों में शामिल हैं। सूचना की पुष्टि के बाद SIU टीम ने होटल में दबिश दी। तलाशी के दौरान कमरा नंबर 303 से 41.08 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। मौके पर मौजूद दो पुरुषों और एक महिला को गिरफ्तार कर लिया गया।
यह भी पढ़ें- व्हीलचेयर पर पिता- दो बेटियों ने संघर्ष के बीच नहीं छोड़ी पढ़ाई, CM सुक्खू से मांगी मदद
आरोपियों की पहचान
पुलिस टीम द्वारा तीनों आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद हेरोइन कहां से लाई गई थी और इसकी सप्लाई किसे की जानी थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान-
- तुषार तरीखा (35) निवासी अबोहर (फाजिल्का)
- युवराज सिंह (25) निवासी लुधियाना
- संदीप कौर उर्फ नेहा (35) निवासी अबोहर (फाजिल्का)
यह भी पढ़ें- हिमाचल : बेटे को बचाने पहुंची मां को दिया धक्का, 10 फीट नीचे गिरी; निकले प्राण- आरोपी गिरफ्तार
कई पहलुओं पर जांच जारी
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सदर सोलन थाना में NDPS एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा चुका है। अब पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड, संपर्कों और इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
