चंबा। हिमाचल में नशे के खिलाफ जारी कार्रवाई के बीच चंबा से एक बड़ी सफलता सामने आई है। पुलिस ने एक संदिग्ध तस्कर के घर पर दबिश देकर चिट्टे के साथ लाखों रुपये का कीमती सामान और नकदी बरामद की है।
घर से चल रहा था नशे का धंंधा
अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद संपत्ति का संबंध कहीं नशे के कारोबार से तो नहीं है। पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई (SIU) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 42.37 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया है।
यह भी पढ़ें : "किन्नर कैलाश यात्रा को बंद करो"... देव समाज बोला- देवता के आदेश को ना करें अनसुना
गुप्त सूचना पर घर में दी दबिश
जानकारी के अनुसार एसआईयू टीम को सूचना मिली थी कि चंबा के बालू क्षेत्र में एक व्यक्ति अवैध रूप से चिट्टे का कारोबार कर रहा है। सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह के नेतृत्व में टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।
तलाशी में मिला चिट्टा, सोना-चांदी और नकदी
तलाशी के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 42.37 ग्राम चिट्टा, बिना बिल का 217 ग्राम सोना, 479 ग्राम चांदी, दो आईफोन और 64,640 रुपये नकद बरामद किए। पूछताछ में आरोपी की पहचान मनोज कुमार निवासी बालू, चंबा के रूप में हुई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर के बाहर खेल रही लड़की का फिसला पांव, सामने से आ रही पिकअप ने रौंदा
आरोपी को किया गिरफ्तार
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सदर थाना चंबा में NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद सोने-चांदी और अन्य सामान के स्रोत की भी जांच की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस टीम
पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं। SP चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले की गहन जांच जारी है।
