बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले से एक बेहद सनसनीखेज खबर सामने आई है। झंडूता उपमंडल के समलेटू गांव से लापता हुए एक व्यक्ति का मामला अब हत्या में बदल गया है। पुलिस जांच के दौरान सामने आया है कि व्यक्ति की हत्या कर दी गई है।
भाई-भाभी ने झील में फेंकी देह
हैरानी की बात ये है कि लापता व्यक्ति मदन लाल की कथित तौर पर उसके बड़े भाई और भाभी ने हत्या कर दी। जांच में यह भी बात सामने आई है कि वारदात के बाद शव को चांगरू नामक स्थान पर स्थित झील में फेंक दिया गया।
यह भी पढ़ें- हिमाचल में मौसम बदलाव : कई इलाकों में सुबह-सुबह छाया अंधेरा, 6 जिलों में बारिश
भाई-भाभी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल शव की तलाश के लिए गोताखोरों की मदद ली जा रही है। पुलिस के अनुसार समलेटू मतला निवासी रोशन लाल पुत्र निक्कू राम ने 13 सितंबर को थाना झंडूता में अपने भाई मदन लाल के लापता होने की शिकायत दी थी।
लापता होने का रचा था नाटक
शिकायत में बताया गया कि मदन लाल 11 सितंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे घर से चला गया था। वह बिना किसी को बताए निकला था। परिवार और अन्य लोगों ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की। मगर जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
यह भी पढ़ें : व्हीलचेयर से विश्व मंच तक पहुंची हिमाचल की बेटी अंजलि, भारत को दिलाया स्वर्ण पदक; रचा इतिहास
पुलिस के पास पहुंचा भाई
शिकायत मिलने के बाद थाना झंडूता में मामला दर्ज कर पुलिस ने लापता व्यक्ति की तलाश शुरू की। जांच आगे बढ़ने पर 15 सितंबर को शिकायतकर्ता ने पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी दी। उसने बताया कि 11 सितंबर को मदन लाल का अपने बड़े भाई बिशन दास और भाभी रानो देवी के साथ विवाद हुआ था।
सिर पर पत्थर से किया वार
पुलिस जांच में सामने आया कि विवाद के दौरान मदन लाल के सिर पर पत्थर से कथित तौर पर वार किया गया था। इससे उसके सिर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। इसके बाद पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ शुरू की और मौके पर मौजूद लोगों के बयान भी दर्ज किए।
यह भी पढ़ें : अनुराग ठाकुर बोले: दिवाली से पहले PM मोदी हिमाचल को देंगे बड़ी सौगात, छात्रों को मिलेगी राहत
झील में शव फेंकने की बात आई सामने
तफ्तीश के दौरान पुलिस ने बिशन दास (45) और रानो देवी (38) से भी पूछताछ की। पूछताछ और अब तक सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस को मदन लाल की मौत के बाद उसके शव को चांगरू की झील में फेंके जाने की जानकारी मिली। दोनों ने पुलिस के सामने अपना जुर्म कबूल भी कर लिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर से निकली विवाहिता के साथ हो गई बड़ी अनहोनी, थम गईं सांसें; सदमें में परिवार
हर पहलु खंगाल रही पुलिस
SP बिलासपुर अभिषेक धीमान ने मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और उपलब्ध साक्ष्यों को भी खंगाल रही है।
चार दिन बाद शव बरामद
पुलिस ने चार दिन बाद झील से शव बरामद कर लिया है। जांच में पाया गया है कि मदन की मौत मौके पर ही हो गई थी। जिसके बाद उसके बड़े भाई-भाभी उसके शव को घसीटकर चांगरू नाम की जगह पर ले गए और वहां शव को झील में फेंक दिया।
