मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी शहर से रिश्तों को शर्मसार करने वाला एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक होटल में चल रहे शादी समारोह के दौरान पारिवारिक खुशी का माहौल उस समय मातम में बदल गया, जब एक युवक ने अपने ही जीजा के साथ सरेआम मारपीट कर दी।
साले ने पीटा जीजा
यह घटना मंडी के राजमहल होटल की है, जहां शाम को एक रिश्तेदार की शादी का आयोजन चल रहा था। सौली खड्ड औद्योगिक क्षेत्र निवासी 39 वर्षीय वरुण गोयल भी इस विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचा था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : साथियों संग गांव लौट रहा था चौकीदार, घर पहुंची देह- गहरी खाई में पड़ी मिली गाड़ी
बिना कारण गाली-गलौज
वरुण के अनुसार, शाम करीब साढ़े सात बजे जब वह होटल परिसर में मौजूद था, तभी उसके साले गौरव कपूर, निवासी मोती बाजार ने उसे रास्ते में रोक लिया। पीड़ित वरुण गोयल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि गौरव कपूर ने बिना किसी उकसावे के उसके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल शुरू कर दिया।
विरोध पर किया हमला
जब वरुण ने इसका विरोध किया तो आरोपी आपा खो बैठा और उसके साथ बेरहमी से मारपीट करने लगा। अचानक हुए इस हमले से वहां मौजूद लोग भी कुछ समय के लिए स्तब्ध रह गए। मारपीट के दौरान वरुण को गंभीर चोटें आईं।
यह भी पढ़ें : परीक्षा पर चर्चा : PM मोदी से मिली हिमाचल की बेटी अनुष्का, बताई मन की बात- मिली खूब सराहना
होटल में मची अफरा-तफरी
होटल परिसर में शादी की खुशियों के बीच हुई इस घटना से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और अन्य रिश्तेदारों ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया। इस मामले को लेकर पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
पहले भी हो चुकी है बदतमीजी
वरुण गोयल ने बताया कि यह पहली बार नहीं है जब गौरव कपूर ने उसके साथ दुर्व्यवहार किया हो। इससे पहले भी आरोपी उसके साथ बदतमीजी कर चुका है, जिसकी शिकायत उसने SDM मंडी को लिखित रूप में दी थी।
यह भी पढ़ें : सावधान हिमाचल! दो दिन जमकर होगी बारिश-बर्फबारी : 4 जिलों में छाएगा घना कोहरा, अलर्ट जारी
जान से मारने की धमकी
उस समय पारिवारिक रिश्तों और सामाजिक मर्यादा को ध्यान में रखते हुए मामला आपसी समझाइश से शांत कर दिया गया था। लेकिन इस बार आरोपी ने सारी हदें पार कर दीं। वरुण का आरोप है कि मारपीट के दौरान गौरव ने उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह और उनका परिवार भयभीत है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के तुरंत बाद परिजन घायल वरुण को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। सूचना मिलने पर सदर थाना पुलिस भी अस्पताल पहुंची और पीड़ित का मेडिकल परीक्षण करवाया। मेडिकल रिपोर्ट में वरुण को गंभीर चोटें आने की पुष्टि हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल की ज्योति बनी फ्लाइंग ऑफिसर, कड़ी मेहनत से पूरा किया आसमान छूने का सपना
जांच में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडी सदर पुलिस ने आरोपी गौरव कपूर के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है। साथ ही आरोपी से पूछताछ और गवाहों के बयान दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी हुई है।
पीड़ित ने की सख्त कार्रवाई की मांग
वरुण गोयल ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उसने कहा कि सार्वजनिक स्थान और पारिवारिक समारोह में इस तरह की हिंसा न केवल कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि सामाजिक मूल्यों को भी चोट पहुंचाती है।
