बैजनाथ (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां दोस्त के साथ नहाने गए एक 19 साल के युवक की डूबने से मौत हो गई। युवक की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। इस दर्दनाक हादसे ने न केवल परिवार, बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। यह हादसा बैजनाथ उपमंडल के तहत आते खड़ानाल पंचायत की पुन्न खड्ड में पेश आया।

19 साल के युवक की मौत

मृतक की पहचान 19 वर्षीय आयुष कुमार पुत्र राम सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आयुष अपने एक दोस्त के साथ घूमने निकला था। इसी दौरान दोनों पुन्न खड्ड के पास पहुंचे और नहाने का मन बना लिया। लेकिन किसे पता था कि उनका यह फैसला एक हंसते खेलते परिवार की जिंदगी उजाड़ देगा। जवान बेटे की मौत से परिवार पूरी तरह से टूट गया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बच्ची से इंस्टाग्राम पर की दोस्ती, दिया फोन का लालच और फिर कर दिया गंदा काम- दुकानदार फरार

प्रत्यक्षदर्शी दोस्त ने बताया कैसे हुआ हादसा

प्रत्यक्षदर्शी दोस्त के अनुसार आयुष ने जैसे ही पानी में छलांग लगाई, वह अचानक गहरे पानी में चला गया और खुद को संभाल नहीं पाया। देखते ही देखते वह डूबने लगा। दोस्त के सामने ही यह पूरी घटना हुई, लेकिन वह कुछ कर पाने में असमर्थ रहा। आयुष ने डूबते समय मदद के लिए आवाज भी लगाई, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

पुलिस स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला

आयुष को डूबते देख उसके दोस्त ने शोर मचाना शुरू कर दिया और पुलिस और स्थानीय लोगों से मदद मांगी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद युवक को पानी से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: काम से बाहर गई थी पत्नी, बेटा गया था ननिहाल- घर पर अकेले व्यक्ति ने लगा लिया फं*दा

सिर पर चोट के निशान ने उलझाई पुलिस

इस हादसे में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार मृतक युवक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। आशंका जताई जा रही है कि खड्ड में छलांग लगाते समय उसका सिर किसी पत्थर से टकराया होगा। हालांकि, ये निशान किसी बड़ी घटना की ओर भी इशारा कर रहे हैं, जिससे मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल की जेल में पहुंच रहा था गांजा, कैदी मौज से चला रहे थे फोन- अंदर से ही कॉल कर मांगी फिरौती

क्या कहते हैं पुलिस अधिकारी

बैजनाथ थाना प्रभारी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि शव का नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहनता से जांच कर रही है, ताकि घटना के पीछे की सच्चाई सामने आ सके। इस हादसे के बाद गांव में शोक की लहर है और हर किसी की जुबान पर एक ही सवाल है क्या यह सिर्फ एक हादसा था या इसके पीछे कोई और वजह छिपी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें