सोलन। हिमाचल प्रदेश के सोलन शहर स्थित PG कॉलेज में एक छात्रा के साथ बदसलूकी होने का मामला सामने आया है। लाइब्रेरी कार्ड बनवाने गई प्रथम वर्ष की छात्रा ने संबंधित लाइब्रेरियन पर कथित तौर पर दुर्व्यवहार करने और जनजाति को लेकर अपमानजनक टिप्पणी करने का आरोप लगाया है।

PG कॉलेज में छात्रा से बदसलूकी 

छात्रा ने शिकायत में लाइब्रेरियन पर थप्पड़ मारने की धमकी देने और अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करने की बात कही है। मामले की शिकायत कॉलेज प्रशासन तक पहुंचने के बाद संस्थान ने संबंधित लाइब्रेरियन को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ चेतावनी भी दी है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : पति और 18 वर्षीय बेटी गायब, सड़क किनारे मिली पिकअप- पत्नी को अपहरण का शक

लाइब्रेरी कार्ड बनवाने गई थी सोनम

छात्रा सोनम पालमो के अनुसार, वह अपना लाइब्रेरी कार्ड बनवाने के लिए कॉलेज की लाइब्रेरी में गई थी। इस दौरान वह अपनी एक दोस्त से व्यक्तिगत बातचीत कर रही थी। छात्रा का आरोप है कि इसी दौरान वहां कार्यरत मिस संजना ने उसके साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और थप्पड़ मारने की धमकी दी।

लाइब्रेरियन ने कहे अपमानजनक शब्द

सोनम ने आरोप लगाया कि जब वह लाइब्रेरी कार्ड बनवाने के लिए अंदर गई तो लाइब्रेरियन ने उसके लिए कथित तौर पर ‘मैनरलेस’ और ‘कैरेक्टरलेस’ जैसे अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल किया। छात्रा का यह भी आरोप है कि बातचीत के दौरान उसकी जनजाति को निशाना बनाते हुए टिप्पणी की गई।

यह भी पढ़ें- HRTC कंडक्टर ने वसूला 29 रुपये ज्यादा किराया, अब सवारी को 50 हजार देगा निगम

छात्रा ने लिखित में दी शिकायत

सोनम के मुताबिक, उसने संबंधित लाइब्रेरियन को इससे पहले कभी नहीं देखा था और सामान्य बातचीत के दौरान इस तरह के व्यवहार से वह काफी आहत हुई। छात्रा ने मामले को कॉलेज प्रशासन के समक्ष लिखित रूप में उठाया।

 

लाइब्रेरियन को नोटिस जारी

शिकायत मिलने के बाद कॉलेज प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संबंधित लाइब्रेरियन को कारण बताओ नोटिस जारी किया और चेतावनी दी। हालांकि, छात्रा की ओर से लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें- हिमाचल की दो पंचायतों में बड़ा घोटाला : सचिवों पर गिरी गाज, जानें क्या है पूरा मामला

प्रधानाचार्य ने दी चेतावनी

कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. शिवानी शर्मा ने बताया कि लाइब्रेरी कार्ड वितरण के दौरान गलतफहमी के कारण यह घटना हुई। उन्होंने कहा कि छात्रा की लिखित शिकायत मिलने के बाद संबंधित लाइब्रेरियन को कारण बताओ नोटिस और चेतावनी जारी की गई है।

लाइब्रेरियन ने छात्रा से मांगी माफी

प्रधानाचार्य के अनुसार, लाइब्रेरियन ने छात्रा की ओर से लगाए गए आरोपों से इनकार किया है। लाइब्रेरियन ने काम के अधिक दबाव की बात कही है। प्रधानाचार्य ने यह भी बताया कि संबंधित लाइब्रेरियन ने छात्रा से माफी मांग ली है।

यह भी पढ़ें-हिमाचल में सिर्फ 12वीं पास महिलाओं को मिल रही सरकारी नौकरी, एक क्लिक में जानें सबकुछ

जनजातिसूचक टिप्पणी के गंभीर आरोप

फिलहाल, मामला कॉलेज प्रशासन के संज्ञान में है। एक ओर छात्रा ने कथित दुर्व्यवहार और जनजातिसूचक टिप्पणी के गंभीर आरोप लगाए हैं, वहीं कॉलेज प्रशासन के अनुसार घटना के पीछे गलतफहमी की स्थिति बनी थी। ऐसे में मामले में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम को लेकर अंतिम स्थिति संबंधित स्तर पर जांच और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर ही स्पष्ट होगी।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।