शिमला। देशभर में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल दोनों के दाम में तीन-तीन रुपये प्रति लीटर तक का इजाफा कर दिया है।

हिमाचल में पेट्रोल-डीजल महंगा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में ऊर्जा कीमतों में आई तेजी का असर अब सीधे उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ने लगा है। नई कीमतें लागू होने के बाद वाहन चालकों को अब पहले की तुलना में ज्यादा खर्च उठाना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : खड्ड में डूबा 17 वर्षीय छात्र, रुक गई थी सांसें...मसीहा बन पहुंचे दो लोग- दिया जीवनदान

आम आदमी की जेब पर असर

माना जा रहा है कि ईंधन महंगा होने से आने वाले दिनों में मालभाड़ा बढ़ सकता है। जिसका असर रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं की कीमतों पर भी देखने को मिल सकता है।

कितने बढ़े पेट्रोल-डीजल के रेट?

राजधानी शिमला में पेट्रोल और डीजल के दामों में साफ बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ताजा दरों के मुताबिक, अब पेट्रोल 98.31 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। जबकि डीजल 90.27 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं, प्रीमियम पेट्रोल की कीमत बढ़कर 106.96 रुपये प्रति लीटर हो गई है। इससे पहले शिमला में पेट्रोल 95.17 रुपये और डीजल 87.16 रुपये प्रति लीटर मिल रहा था।

यह भी पढ़ें- हिमाचल : NH पर पलटी सवारियों से भरी बस, एक युवक आया नीचे- चीखों से दहला पूरा इलाका

सेस लगाने की तैयारी में सुक्खू सरकार

इसी बीच हिमाचल प्रदेश सरकार पेट्रोल और डीजल पर अतिरिक्त सेस लगाने की तैयारी में भी जुट गई है। विधानसभा के बजट सत्र के दौरान संशोधित विधेयक पारित कर अनाथ और विधवा कल्याण योजनाओं के लिए ईंधन पर अधिकतम पांच रुपये तक सेस लगाने का रास्ता साफ किया गया था।

कितना लगेगा सेस?

आबकारी एवं कर विभाग ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर जिला अधिकारियों को जानकारी दे दी है। हालांकि, फिलहाल यह तय नहीं हुआ है कि पेट्रोल और डीजल पर कितना सेस लगाया जाएगा और इसे कब से लागू किया जाएगा।

यह भी पढ़ें- हिमाचल पंचायत चुनाव : आज मिलेंगे चिन्ह, दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं दावेदार

आबकारी आयुक्त यूनुस के अनुसार, राज्य सरकार के निर्देश मिलने के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा। फिलहाल, विभाग ने प्रशासनिक स्तर पर इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें