#अव्यवस्था
September 20, 2026
हिमाचल के अस्पताल में शर्मसार हुई व्यवस्था : एक बेड पर लिटा दिए महिला-पुरुष मरीज, उठे सवाल
अस्पताल प्रशासन ने भी मानी बिस्तरों की कमी की बात
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों के बीच सरकारी अस्पतालों की जमीनी हकीकत कई बार अलग तस्वीर दिखाती है। कहीं मरीजों की लंबी कतारें व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं तो कहीं सीमित संसाधनों के कारण मरीजों को परेशानी झेलनी पड़ती है।
अब चंबा से सामने आया एक वीडियो मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के इमरजेंसी वार्ड का एक वीडियो शुक्रवार से सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में एक ही बिस्तर पर महिला और पुरुष मरीज लेटे हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद अस्पताल में मरीजों के लिए उपलब्ध बिस्तरों और इमरजेंसी वार्ड की व्यवस्थाओं को लेकर स्थानीय लोगों और मरीजों के तीमारदारों ने सवाल उठाए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अस्पताल की इमरजेंसी में अचानक मरीजों की संख्या बढ़ने पर बिस्तरों की कमी होना एक व्यावहारिक समस्या हो सकती है। लेकिन महिला और पुरुष मरीजों को एक ही बिस्तर पर रखने की स्थिति को सामान्य व्यवस्था नहीं माना जा सकता।
लोगों का कहना है कि मरीजों की संख्या बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था की जानी चाहिए- ताकि इलाज के दौरान मरीजों की निजता और सम्मान से समझौता न हो। स्थानीय लोगों ने अस्पताल प्रशासन से व्यवस्था सुधारने की मांग की है। उनका कहना है कि मेडिकल कॉलेज जैसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पर्याप्त बिस्तरों की व्यवस्था होना जरूरी है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक इमरजेंसी वार्ड में मरीजों का दबाव बढ़ने पर कई बार उपलब्ध बिस्तर कम पड़ जाते हैं। ऐसे में अस्पताल प्रशासन के सामने मरीजों को तत्काल उपचार देने के साथ-साथ उनके लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध करवाने की चुनौती भी रहती है।
लोगों ने मांग की है कि महिला और पुरुष मरीजों के लिए अलग-अलग बिस्तरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही भविष्य में मरीजों की संख्या अचानक बढ़ने पर इस्तेमाल किए जा सकने वाले अतिरिक्त बेड भी तैयार रखे जाएं।
मामले पर मेडिकल कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. मानिक सहगल ने बताया कि वीडियो और मामला अस्पताल प्रशासन के संज्ञान में आया है। उन्होंने कहा कि इमरजेंसी कक्ष में कई बार अचानक मरीजों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे उपलब्ध बिस्तर कम पड़ने की स्थिति बन जाती है।
उन्होंने बताया कि मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इमरजेंसी कक्ष में बिस्तरों की संख्या बढ़ाने की दिशा में काम किया जाएगा। अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था होने से मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
फिलहाल वीडियो सामने आने के बाद चंबा मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी व्यवस्था चर्चा में है। एक तरफ स्थानीय लोग महिला और पुरुष मरीजों के लिए अलग बेड की मांग कर रहे हैं। वहीं अस्पताल प्रशासन ने मरीजों की संख्या बढ़ने के कारण बेड कम पड़ने की बात कही है। अब देखना होगा कि अस्पताल में अतिरिक्त बिस्तरों की व्यवस्था कब तक होती है और मरीजों को ऐसी स्थिति से दोबारा न गुजरना पड़े, इसके लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।