#हादसा
May 15, 2026
हिमाचल पंचायत चुनाव : आज मिलेंगे चिन्ह, दोपहर 3 बजे तक नामांकन वापस ले सकते हैं दावेदार
प्रदेश में कुल 31,214 पदों के लिए तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों को लेकर आज का दिन बेहद अहम माना जा रहा है। चुनाव मैदान में उतरे सभी दावेदारों को आज चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे।
इससे पहले उम्मीदवारों को दोपहर तीन बजे तक अपने नामांकन वापस लेने का अवसर दिया गया है। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि किस पंचायत में कौनसा उम्मदीवार किस पद पर होगा।
राज्य की 3,754 पंचायतों में फिलहाल 85,462 दावेदार विभिन्न पदों के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। माना जा रहा है कि नामांकन वापसी के बाद यह संख्या कुछ कम हो सकती है।
इसके बाद प्रदेशभर में चुनाव प्रचार पूरी तरह रफ्तार पकड़ लेगा। साथ ही यह भी स्पष्ट हो जाएगा कि कितनी पंचायतों में प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, बीडीसी और जिला परिषद सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग जल्द ही निर्विरोध चुने गए उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा करेगा। प्रदेश में कुल 31,214 पदों के लिए तीन चरणों में मतदान कराया जाएगा। पहला चरण 26 मई, दूसरा चरण 28 मई और तीसरा चरण 30 मई को होगा।
इन चुनावों में 3,754 प्रधान, 3,754 उप प्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 BDC सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य चुने जाएंगे। पंचायत चुनावों में प्रत्येक मतदाता पांच अलग-अलग वोट डालेगा। इनमें प्रधान, उप प्रधान, वार्ड सदस्य, BDC और जिला परिषद सदस्य शामिल हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, प्रधान, उप प्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पंचायत भवनों में की जाएगी और परिणाम भी उसी दिन घोषित कर दिए जाएंगे। वहीं, BDC और जिला परिषद सदस्यों की मतगणना 31 मई को संबंधित ब्लॉक मुख्यालयों में होगी।
चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए मतदान वाले दिन संबंधित क्षेत्रों में पेड हॉलीडे घोषित किया गया है। सरकारी और निजी संस्थानों में काम करने वाले कर्मचारियों को मतदान के दिन अवकाश मिलेगा, ताकि अधिक से अधिक लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।